काशी विश्वनाथ धाम: आईआईटी मद्रास ने तीन घंटे तक की स्वर्ण शिखर की जांच, 20 दिन में सौंपेगी रिपोर्ट
आईआईटी मद्रास की टीम ने काशी विश्वनाथ धाम में तीन घंटे तक स्वर्ण शिखर की जांच की। इस दौरान वैज्ञानिकों ने गर्भगृह और शिखरों के सोने की परतों के क्षरण की भी जांच की। टीम इसकी रिपोर्ट 20 दिन में सौंपेगी।
विस्तार
आईआईटी मद्रास के भूकंप वैज्ञानिक डॉ. अरुण मेनन सहित चार विशेषज्ञों की टीम श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंची। तीन घंटे तक मुख्य मंदिर के भवन, स्वर्ण शिखर और दीवारों का सर्वे किया। वैज्ञानिकों ने गर्भगृह और शिखरों के सोने की परतों के क्षरण की भी जांच की।
मंदिर की वास्तुकला को छेड़े बिना स्वर्ण कलश को जोड़ने की तकनीक तैयार करने पर चर्चा हुई। अब 20 दिनों में इसकी जांच रिपोर्ट प्रशासन को सौंप दी जाएगी। बृहस्पतिवार दोपहर दो बजे से जांच की प्रक्रिया शुरू हुई जो शाम पांच बजे तक चली।
दर्शनार्थियों की कतारों के बीच मंदिर पहुंचकर वैज्ञानिकों ने बड़ी-बड़ी अटैचियां खोलकर जांच शुरू की। अत्याधुनिक मशीनों से गर्भगृह के बाहर बाबा के मंदिर की दीवार, बगल में बैकुंठ मंदिर और दंडपाणि मंदिर की मजबूती को परखा गया।
मंदिर की संरचनात्मक स्थिति और भूकंपरोधी क्षमता के अध्ययन के अनुसार आंकड़ों को जुटाया गया। इससे पहले आईआईटी मद्रास की टीम से डॉ. अनुज मेनन की अगुवाई में 27-28 मई को प्रारंभिक सर्वे किया गया था और टीम ने 11 जुलाई को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। मंदिर प्रशासन की ओर से 18 लाख रुपये का फंड भी दिया गया है।
मंदिर पर पड़े मौसमी मार का होगा आकलन
स्थापत्य कला और शिलाओं पर पड़े मौसमी मार का आकलन किया गया। मंदिर के ढाई साल पुराने पत्थर के खंभों, गर्भगृह की दीवारों और शिखरों पर जड़े स्वर्ण आवरण के क्षरण को रोकने के लिए तकनीक तैयार की जाएगी। मंदिर की वास्तुकला से कोई छेड़छाड़ किए बिना पत्थरों और स्वर्ण कलशों की मजबूती को सदियों के लिए बेजोड़ बनाया जाएगा।