काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में हादसाः मिनी मालवाहक से शीशा उतारते समय गिरा, चंदौली के एक मजदूर की मौत
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में एक ट्रक से शीशा प्लेट उतारने के दौरान हादसा हुआ। तीन मजदूरों को चोट लगी। घायल मजदूरों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। जहां एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निर्माणाधीन श्रीकाशी विश्वनाथ कॉरिडोर में ललिता घाट के पास शनिवार रात मिनी मालवाहक से शीशा उतारते समय हादसा हो गया। विशालकाय शीशा गिरने से एक मजदूर की घटनास्थल पर मौत हो गई। वहीं एक मजदूर घायल हो गया। जबकि मजदूरों के राहत बचाव में एक युवक जख्मी हो गया। जिन्हें ज्ञानवासी सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। उधर, जिलाधिकारी ने मृतक और घायल के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।
प्रयागराज से एक मिनी मालवाहकमाल लेकर रात में लगभग नौ बजे काशी विश्वनाथ कॉरिडोर परिसर में दाखिल हुआ।
कॉरिडोर में लगाने के लिए मालवाहक पर लदकर आए एक विशालकाय शीशा उतारने के लिए संबंधित ठेकेदार ने मैदागिन से आठ मजदूरों को लेकर कॉरिडोर पहुंचा। ज्ञानवापी सुरक्षा में लगे कर्मियों ने आठों मजदूरों का नाम व पता रजिस्टर में नोट करते हुए प्रवेश की अनुमित दी।
मृतक औऱ घायलों को मिलेगी आर्थिक मदद
मजदूरों में चंदौली के बबुरी थाना निवासी सिंटू 25 वर्ष और मुगलसराय कोतवाली के जलीलपुर निवासी विनोद 25 वर्ष जैसे ही मालवाहक वाहन से माल उतारने के लिए आगे बढ़े और विशालयकाय शीशा को पकड़ा तभी अन्य साथियों का हाथ छूट गया। इतने में ही शीशा सिंटू के ऊपर ही गिर गया। उसे बचाने के लिए आया विनोद भी जख्मी हो गया।
सिंटू को मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में बचाव कार्य में जुटे पड़ाव के रहने वाले साहिल को हाथ में खरोंच आई है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि मृतक और घायल के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस मामले की पूरी जांच कराई जा रही है।
ये पहली बार नहीं है जब काशी विश्वानाथ कॉरिडोर में हादसा हुआ है। जून माह में भी नीलकंठ स्थित एक मकान की दीवार ढह गई थी। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई थी। वहीं एक जून को ललिता घाट के पास जर्जर दो मंजिला मकान गिर जाने से मलबे में दबकर बंगाल निवासी दो मजदूरों की मौत हो गई थी।
कार्यदायी संस्था की फिर सामने आई लापरवाही
सुरक्षा के दृष्टिकोण से अति संवेदनशील काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते हादसे एक-दो महीने के अंतराल पर होते रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने राह चलते अप्रशिक्षित मजदूरों को काम पर लगाया और हादसा हुआ।
मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और ज्ञानवापी सुरक्षा में लगे अधिकारियों ने घटना की जांच की। चूक कहां और किससे हुई, कार्य की निगरानी में लगे अधिकारी मौके पर थे या नहीं आदि विभिन्न बिंदुओं पर क्रमवार जांच की जा रही है।
पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व संरक्षा को लेकर चेताया था
काशी विश्वनाथ कॉरिडोर में पिछले सप्ताह निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्थानीय अधिकारियों से कहा था कि निर्माण कार्यों में सुरक्षा व संरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाए। बावजूद इसके हद दर्जे की लापरवाही बरती गई और यह घटना हुई।
55 हजार स्क्वायर फीट में कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। इसमें कुल 24 भवन बनाए जा रहे हैं। 339 करोड़ के प्रोजेक्ट में सिविल कार्य पूरा हो चुका है। कॉरिडोर को 15 नवंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।