डेढ़ लाख का बिजली बिल रिश्वत देते ही हुआ 24 हजार, फिर पांच हजार के चक्कर में जेई हुआ गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आजमगढ़ के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुवारी नरायनपुर गांव में स्थित विद्युत उपकेंद्र पर तैनात जेई छोटेलाल राम शुक्रवार को पांच हजार रुपया घूस लेते गिरफ्तार किया गया। जांच के दौरान यह भी पता चला कि जेई ने 15 हजार रुपये घूस लेकर 1.58 लाख रुपये की बिल को 24 हजार कर दिया।
नया विद्युत कनेक्शन देने के नाम पर घूस लेते हुए एंटी करप्शन विभाग गोरखपुर की टीम ने रंगेहाथ पकड़ लिया। एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन विभाग के निरीक्षक देव प्रकाश राव ने तहरीर देकर जेई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
जौनपुर जिले के जलालपुर थाने के मझगांवा कला गांव निवासी छोटेलाल पुत्र भुल्लन राम विद्युत विभाग में अवर अभियंता (जेई) के पद पर थे। उनकी तैनाती जीयनपुर कोतवाली के अमुआरी नरायनपुर गांव स्थित विद्युत उपकेंद्र पर है।
जीयनपुर कोतवाली के टेकनगाढ़ा गांव निवासी जगपत प्रजापति पुत्र रघूनाथ एक केवी का कनेक्शन लिया था। काफी दिनों से चल रहा बकाया बढ़कर 1.58 लाख तक पहुंच गया था। मई माह में विभाग ने उसका कनेक्शन काट दिया। ऐसे में जगपत नया कनेक्शन लेने के लिए जेई छोटेलाल से मिला।
जेई ने उसे कहा कि 15 हजार रुपये दो तुम्हारा बिल कम हो जाएगा। जिस पर जगपत ने दस हजार रुपये जेई को घूस दिया। जेई छोटेलाल ने जगपत का बिल घटाकर महज 24 हजार 254 रुपये कर दिया। 24 जून को जगपत ने पांच हजार रुपये और चार जुलाई को 19 हजार 254 रुपये जमाकर बकाया चुका दिया।
साथ ही अपना कनेक्शन जोड़ने के लिए पुन: जेई से मिला तो जेई छोटेलाल ने कनेक्शन जोड़ने के लिए जगपत से पांच हजार रुपये और घूस मांगी। इसपर जगपत सामाजिक संगठन ‘प्रयास’ के लोगों से मिला और 23 जुलाई को एंटी करप्शन विभाग गोरखपुर में शिकायत की। इसके बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से शुक्रवार की शाम को जगपत के हाथों जेई को पांच हजार रुपये का घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।