Indian Railway: अगले महीने से बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट सहित दर्जनों ट्रेनों में लीजिए जनरल टिकट
कोरोना काल के समय से बंद बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट सहित दर्जनों ट्रेनों में यात्रियों को अगले माह पांच जून से जनरल टिकट मिलना शुरू हो जाएगा।
विस्तार
कोरोना काल के समय से बंद बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट सहित दर्जनों ट्रेनों में यात्रियों को अगले माह पांच जून से जनरल टिकट मिलना शुरू हो जाएगा। बनारस स्टेशन से संचालित होने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस में 26 जून से टिकट सुविधा बहाल होगी। पूर्वोत्तर और उत्तर रेलवे की दर्जनों ट्रेनों में विभिन्न तिथियों पर यात्रियोें को रेलवे स्टेशन पर जनरल टिकट काउंटर से मिलेंगे।
पूर्वोत्तर रेल वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार के अनुसार बनारस-उधना एक्सप्रेस में 19 जून, बनारस एक्सप्रेस में 20 जून, बनारस-पुणे एक्सप्रेस में 22 जून, बनारस-रामेश्वरम एक्सप्रेस में 26 जून, सारनाथ एक्सप्रेस में 30 जून, ताप्तीगंगा एक्सप्रेस में एक जुलाई और बनारस-दादर एक्सप्रेस में दो जुलाई से जनरल टिकट सेवा बहाल होगी।
किस ट्रेन में कब से मिलेंगे जनरल टिकट
उधर, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अधिकारियों के अनुसार वाराणसी कैंट से संचालित उपासना एक्सप्रेस में एक जून, भृगु एक्सप्रेस में चार जून, फरक्का एक्सप्रेस में पांच जून से, दुर्गियाना एक्सप्रेस में छह जून, सद्भावना एक्सप्रेस में आठ जून, कुंभा एक्सप्रेस व मरुधर एक्सप्रेस में 12 जून, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस व पूर्वा एक्सप्रेस में 14 जून से, फरक्का एक्सप्रेस व पंजाब मेल में 15 जून से जनरल टिकट मिलेंगे।
वहीं चंडीगढ़-पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में 16 जून से, सद्भावना एक्सप्रेस में 17 जून से, श्रमजीवी एक्सप्रेस में 18 जून, मरुधर एक्सप्रेस में 20 जून से, जम्मूतवी एक्सप्रेस व अर्चना एक्सप्रेस में 22 जून से, बुद्धपूर्णिमा एक्सप्रेस, सद्भावना एक्सप्रेस व नई दिल्ली-मालदा टाउन एक्सप्रेस में 23 जून, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस व गंगा सतलज एक्सप्रेस में 24 जून, ओखा-वाराणसी एक्सप्रेस में 25 जून से, साबरमती एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस व वाराणसी-हुबली साप्ताहिक एक्सप्रेस में 26 जून से, 11072 कामायनी एक्सप्रेस व लिच्छवी एक्सप्रेस में 27 जून से, हिमगिरी एक्सप्रेस- दून एक्सप्रेस व शटल सेवा में 30 जून, महानगरी में एक जुलाई, वाराणसी-गांधी नगर कैपिटल एक्सप्रेस में छह जुलाई से जनरल टिकट मिलेंगे।
31 मई को सामूहिक अवकाश लेने का स्टेशन मास्टर्स ने किया ऐलान
रात्रि ड्यूटी भत्ता बहाल करने, एमएसीपी का लाभ एक जनवरी 2016 से देने साहित विभिन्न मांगो को लेकरं स्टेशन मास्टर्स ने 31 मई को सामूहिक अवकाश पर जाने का ऐलान किया है। इस बाबत लखनऊ मंडल के सभी स्टेशन मास्टर और सहायक स्टेशन मास्टर बृहस्पतिवार को छुट्टी के लिए अपने ब्रांच अफसर को आवेदन करेंगे। यदि आवेदन पर स्वीकृति मिल गई तो ट्रेनों की परिचालन व्यवस्था पर संकट उत्पन्न हो सकता है।
ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (एआईएसएमए) ने देश भर में 31 मई को सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा की है। एआईएसएमए के लखनऊ मंडल उपाध्याक्ष एके मौर्या ने बताया कि सभी स्टेशन मास्टर बृहस्पतिवार को अपने ब्रांच अधिकारी के समक्ष छुट्टी का आवेदन प्रस्तुत करेंगे। इस क्रम में बुधवार को कैंट स्टेशन परिसर में बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष एएन तिवारी,राजकुमार, रजनीकांत, यूपी सिंह, मोहम्मद जमील, आरएस पांडेय व अशोक कुमार मौर्या सहित अन्य मौजूद रहे।