वाराणसी एयरपोर्ट पर एयरोब्रिज में फंसा इंडिगो एयरलाइंस का सिक्योरिटी स्टाफ, मचा हड़कंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उस समय चीख पुकार मच गई जब इंडिगो एयरलाइंस का सिक्योरिटी स्टाफ एयरोब्रिज में फंस गया और जोर-जोर से चीखने चिल्लाने लगा। शोर सुनकर सहकर्मी मौके पर पहुंचे और एयरोब्रिज को आगे पीछे कर सिक्योरिटी स्टाफ को बाहर निकाला।
सूत्रों के अनुसार रविवार को दोपहर बाद तीन बजे इंडिगो एयरलाइंस का विमान 06ई 579 बोर्डिंग के बाद मुंबई जाने के लिए तैयार था। विमान का गेट बंद होने के बाद एरो ब्रिज पीछे किया जाने लगा। इस दौरान एयरोब्रिज से सटकर खड़ा इंडिगो एयरलाइंस का सिक्योरिटी स्टाफ संजीव कुमार एयरोब्रिज में फंस गया।
चीख-पुकार सुनकर सहकर्मी दौड़कर आए और एयरोब्रिज से उन्हें निकाला कर टर्मिनल बिल्डिंग में स्थित एमआई रूम (मेडिकल इमरजेंसी) में ले जाया गया जहां प्रथम उपचार की कोई व्यवस्था ना होने के कारण तत्काल कर्मी को निजी वाहन से शहर ले गए।
संजीव के हाथ की हड्डी में कई जगह फ्रैक्चर आया है। एयरपोर्ट निदेशक अनिल कुमार राय ने बताया कि विमानकर्मी की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, जिस समय एयरोब्रिज पीछे हो रहा था उसे हट जाना चाहिए था।
स्पाइसजेट में एक्सपायरी डेट के पेय पदार्थ मामले में होगी जांच
शनिवार को बनारस से दिल्ली जा रहे निजी विमान के यात्री को एक्सपायरी डेट का पेय पदार्थ दिये जाने के मामले में जांच की जाएगी। यात्री की लिखित शिकायत को संज्ञान में लेते हुए स्पाइसजेट प्रबंधन ने इसकी जांच शुरू कर दी है। साथ ही दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शनिवार को स्पाइसजेट के विमान एसजी 2196 में यात्री विवेक अग्रवाल ने आरोप लगाया कि उसे पेपर बोट नामक पेय पदार्थ दिया गया था जिस की एक्सपायरी डेट बीते छह दिन हो गए थे। इसकी शिकायत उसने विमान के क्रू मेंबर से की लेकिन शिकायत को कोई तवज्जो नहीं दिया गया।
यात्री के अनुसार पेपर बोट निंबू पानी जो मार्केट में 10 रुपये का मिलता है वही पेपर बोट उसे 100 रुपए में दिया गया जबकि उसका प्राइस 50 रुपये अंकित है। उसने सीट बदलने की लिखित शिकायत दिल्ली एयरपोर्ट पर दी जिसके बाद स्पाइसजेट प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू करा दी है।
स्पाइसजेट के वरिष्ठ प्रबंधक जनसंपर्क आनंद देवरा ने बताया कि शिकायत संज्ञान में है। यात्री स्पाई मैक्स पैसेंजर नही था। उसने 250 रुपए लंच की प्रीबुकिंग की थी जिसमें नियमत: एक सामान खाने का और एक पेय पदार्थ देते है। जहां तक एक्सपायरी डेट का सवाल है तो अभी उनके पास कोई लिखित सूचना नही आई है लेकिन यदि ऐसा मामला है तो मामले की जांच की जाएगी दोषी पाए जाने पर ठोस कार्रवाई होगी।
कई महीने से वाराणसी एयरपोर्ट पर नही है डॉक्टर
वाराणसी एयरपोर्ट पर हेरिटेज हॉस्पिटल से संचालित मेडिकल इमरजेंसी रूम है। 27 मार्च को कैंट के एक होटल में एयरपोर्ट पर तैनात युवती से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में एम आई रूम में तैनात डॉक्टर के जेल जाने के बाद से यहां किसी डॉक्टर की तैनाती नही की गई।
एमआई रूम एक कंपाउंडर के भरोसे चल रहा है, जबकि स्वास्थ्य मंत्री ने एयरपोर्ट पर एक एंबुलेंस तथा डॉक्टर की तैनाती की बात कही थी। एयरपोर्ट पर इस समय प्रतिदिन 10000-12000 यात्रियों का आवागमन होता है। साथ ही लगभग 2000 कर्मचारी कार्यरत हैं लेकिन आपात स्थिति में चिकित्सीय सुविधा नही मिल पा रही है।