IMA Foundation Day: वाराणसी में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से यादगार बनी आईएमए स्थापना दिवस की शाम
आईएमए वाराणसी शाखा का 104वां स्थापना दिवस शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमए प्रार्थना के साथ हुआ।
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन यानी आईएमए वाराणसी शाखा का 104वां स्थापना दिवस शनिवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। जहां एक ओर चिकित्सकों और उनके परिवार के सदस्यों ने अपनी कला का जादू बिखेरकर समारोह की शाम को यादगार बना दिया वहीं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों को सम्मानित भी किया गया। बतौर मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने कोविड काल में चिकित्सकों की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें समाज की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी बताया।
कैंटोंमेंट स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में राज्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में जब लोग एक दूसरे के पास जाने में डरते थे, उस समय चिकित्सक ही थे, जिन्होंने अपने जान की परवाह किए बिना, मरीजों की सेवा की। इनकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। उन्होंने आईएमए पदाधिकारियों के साथ ही सभी सदस्यों को स्थापना दिवस की बधाई दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमए प्रार्थना के साथ हुआ। सभी चिकित्सकों ने आईएमए की परंपरा के अनुसार प्रार्थना सभा में हिस्सा लिया।इसके बाद नए कलेवर में तैयार आईएमए फ्लैग का अनावरण आईएमए के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सहजानंद प्रसाद सिंह ने किया। आईएमए वाराणसी शाखा के अध्यक्ष डॉ. कार्तिकेय सिंह ने आईएमए की ओर से सामाजिक सेवा, ब्लड बैंक, एंबुलेंस सर्विस, टीकाकरण आदि सुविधाओं की जानकारी देते हुए कहा कि आने वाले एडवांस लाइफ सपोर्ट (एएलएस) आधारित एंबुलेंस संचालन की शुरुआत भी की जाएगी।
सचिव डॉ. राजेश्वर नारायण सिंह ने वर्ष भर के प्रमुख कार्यक्रमों, बैठकों, चिकित्सकों के हित में किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। चिकित्सकों, उनके परिवार के सदस्यों, मेडिकल छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर तालियां बटोरी।
इस दौरान सामाजिक सचिव डॉ. अतुल सिंह, वित्त सचिव डॉ. मधु अग्रवाल, उपाध्यक्ष डॉ. अजीत सैगल के साथ ही डा. राहुल चंद्रा, डॉ. कर्मराज सिंह, डॉ. संजय राय, डॉ. अरविंद सिंह के साथ ही सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी, पूर्व सीएमओ डॉ. वीबी सिंह समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, आईएमए कर्मचारियों में रामकुमार गुप्ता, संदीप राउत, दिनेश झा, सनी कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
ये हुए सम्मानित
- डॉ.एसपी गुप्ता को आईएमए रत्न अवार्ड
- डॉ. विभा मिश्रा को आत्माराम अवार्ड
- डॉ. के निरंजन को लल्लन प्रसाद शुक्ला मेमोरियल अवार्ड
- डॉ. राकेश निरंजन डॉ.एसडी ओहरी मेमोरियल अवार्ड
- डॉ. दीपक मिश्रा, डॉ. आरपी मौर्या, डॉ. अखिलेश उपाध्याय, डॉ. अतुल सिंह, डॉ. वाईबी पाठक समेत 50 चिकित्सक को प्रेसीडेंट अवार्ड
(इसके अलावा उत्कृष्ट कार्य करने वाले आईएमए कर्मचारियों के साथ ही कुल 23 अवार्ड और स्पोटर्स अवार्ड भी दिया गया)