आईएमए चुनाव: 109 पदों के लिए 13 दिसंबर को वोट डालेंगे 2500 डॉक्टर, 16 से नामांकन; 30 नवंबर को अंतिम सूची आएगी
आईएमए वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी के 109 पदों के लिए 13 दिसंबर को मतदान होगा। करीब 2500 डॉक्टर अध्यक्ष, सचिव समेत 15 मुख्य पदों और विभिन्न परिषदों के प्रतिनिधियों का चुनाव करेंगे। नामांकन पत्रों का वितरण 16 नवंबर से शुरू होगा। उसी दिन शाम छह बजे से मतगणना भी होगी।
विस्तार
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) वाराणसी शाखा की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए चुनावी सरगर्मी शुरू होने जा रही है। अध्यक्ष और सचिव समेत कुल 109 पदों के लिए करीब 2500 डॉक्टर 13 दिसंबर को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस बार चुनाव में 15 मुख्य पदों के अलावा एक्जीक्यूटिव, स्टेट और सेंट्रल काउंसिल के प्रतिनिधियों का भी चयन होगा। चुनाव की प्रक्रिया सोमवार यानी 16 नवंबर से शुरू हो जाएगी।
चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल ने शनिवार को चुनाव अधिसूचना जारी कर दी। इसके अनुसार 16 से 22 नवंबर तक आईएमए परिसर स्थित चुनाव कार्यालय से नामांकन पत्रों का वितरण किया जाएगा। चुनाव लड़ने के इच्छुक डॉक्टर 25 नवंबर की शाम पांच बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। 26 नवंबर की शाम पांच बजे तक नामांकन पत्रों की जांच के बाद वैध प्रत्याशियों की सूची जारी होगी। 28 नवंबर की शाम पांच बजे तक नाम वापसी का मौका मिलेगा। इसके बाद 30 नवंबर को चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।
इस बार 15 मुख्य पदों के लिए चुनाव होगा। इनमें अध्यक्ष और सचिव के एक-एक, उपाध्यक्ष के तीन और संयुक्त सचिव के दो पद शामिल हैं। इसके अलावा वित्त सचिव, वैज्ञानिक सचिव, सामाजिक सचिव, पुस्तकालय सचिव और प्रॉपर्टी सचिव समेत अन्य पदों पर भी चुनाव कराया जाएगा। वहीं, एक्जीक्यूटिव काउंसिल के 25, स्टेट काउंसिल के 46 और सेंट्रल काउंसिल के 23 प्रतिनिधि चुने जाएंगे।
मतदान 13 दिसंबर को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक होगा। इसके बाद उसी दिन शाम छह बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव अधिकारी डॉ. अजीत सैगल ने स्पष्ट किया है कि जिन सदस्यों की आईएमए सदस्यता शुल्क बकाया है, उन्हें मतदान करने और चुनाव लड़ने के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। ऐसे में चुनाव में भागीदारी के इच्छुक डॉक्टरों को निर्धारित समय में अपनी सदस्यता संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी।
