IIT BHU: सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों का राजनीतिक पार्टी से संबंध, खूब भड़के अखिलेश और अजय राय
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर तीखा प्रहार करते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा है।
विस्तार
वाराणसी में आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के तीन आरोपियों को पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों कुणाल पांडेय, आनंद उर्फ अभिषेक चौहान व सक्षम पटेल का कनेक्शन भाजपा से बताया जा रहा है। तीनों आरोपी भाजपा के आईटी सेल से जुड़े हैं। जिसमें कुणाल पांडेय भाजपा वाराणसी में आईटी सेल का संयोजक, सक्षम पटेल भाजपा आईटी सेल का सह संयोजक और आनंद उर्फ अभिषेक चौहान भाजपा आईटी सेल का कार्य समिति सदस्य है।
भाजपा नेताओं के साथ तीनों आरोपियों की कई तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर कई प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। वहीं विपक्ष भी अब भाजपा को आड़े हाथों ले रहा है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट करते हुए भाजपा पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने लिखा, ये हैं भाजपा के दिग्गज नेताओं की छत्रछाया में सरेआम पनपते और घूमते भाजपाइयों की वो नयी फसल, जिनकी ‘तथाकथित ज़ीरो टॉलरेंस सरकार’ में दिखावटी तलाश जारी है। सूचनार्थ : ये भाजपा के सर्वोच्च नेताओं से अभयदान प्राप्त वो भाजपाई हैं जिन पर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) में एक छात्रा के साथ अभद्रता की सीमाएँ पार करने का आरोप है। प्रश्नार्थ : क्या नारी के सम्मान से खिलवाड़ करनेवाले भाजपाइयों को खुली छूट जारी रहेगी।
ये हैं भाजपा के दिग्गज नेताओं की छत्रछाया में सरेआम पनपते और घूमते भाजपाइयों की वो नयी फसल, जिनकी ‘तथाकथित ज़ीरो टॉलरेंस सरकार’ में दिखावटी तलाश जारी है।
सूचनार्थ : ये भाजपा के सर्वोच्च नेताओं से अभयदान प्राप्त वो भाजपाई हैं जिन पर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) में एक छात्रा… pic.twitter.com/2wV7EtnsPr — Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) December 31, 2023
वहीं कांग्रेस से अजय राय ने भी एक्स पर आरोपियों की तस्वीरें शेयर करते हुए भाजपा पर तंज कसा है।
IIT BHU की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने वाले और कोई नहीं बल्की भाजपा के कुणाल पांडेय महानगर IT के संयोजक और सक्षम पटेल जो दिलीप पटेल (काशी प्रांत) के अध्यक्ष है उनका PA है ।
— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) December 31, 2023
यही है भाजपा का दुष्कर्मी चेहरा ।
शर्मनाक pic.twitter.com/JxDVtBuEK5
बता दें कि आईआईटी बीएचयू में एक नवंबर की रात बुलेट सवार तीन युवकों ने बंदूक दिखाकर एक छात्रा के कपड़े उतरवाए। उन्होंने छात्रा को किस किया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया फिर उसका वीडियो भी बनाया।