गंगा एक्सप्रेस-वे जोड़ने के लिए वाराणसी से प्रयागराज के बीच होगा सर्वे; पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 60 फीसदी कार्य पूरा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा एक्सप्रेस-वे से वाराणसी को जोड़ने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के फैसले के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसकी सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रयागराज से वाराणसी के एक्सप्रेस-वे की फिजिबिलिटी रिपोर्ट के लिए सर्वे कराया जाएगा। शासन के निर्देश के बाद स्थानीय स्तर पर अध्ययन शुरू होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ससंदीय क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में रामनगर में बने मल्टीमोडल टर्मिनल को सड़क मार्ग से जोड़ने की सलाह दी थी। इसके बाद सीएम योगी ने गंगा एक्सप्रेस वे को रामनगर तक करने के निर्देश दिए। अब स्थानीय स्तर पर इसकी संभावना पर काम शुरू किया गया है।
जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि शासन से निर्देश के बाद आगे की कार्ययोजना बनेगी। फिलहाल एक्सप्रेस-वे दिल्ली को प्रयागराज से जोड़ने के लिए बनाया जा रहा था। वाराणसी तक आने पर इसका पूर्वांचल को बहुत लाभ मिलेगा। शासन से जैसा निर्देश मिलेगा, उसी आधार पर काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण के लिए आवश्यक भूमि के अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने एक्सप्रेस-वे निर्माण की कार्यवाही को तेजी से आगे बढ़ाने और भविष्य में इसे वाराणसी में मल्टी मॉडल टर्मिनल से जोड़ने के निर्देश दिए हैं।
उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सीईओ अवनीश अवस्थी ने शुक्रवार को गंगा एक्सप्रेस-वे की डीपीआर का प्रस्तुतिकरण किया। सीएम ने गंगा एक्सप्रेस-वे के लिए ट्रांजेक्शन एडवाइजर की नियुक्ति के संबंध में सभी विकल्पों पर विचार करते हुए एक सप्ताह में ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
340 किमी लंबा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 60 फीसदी कार्य पूरा
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर भी रात-दिन काम चल रहा है। अब तक 60 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया गया है। लेकिन अभी भी 20 फीसदी मिट्टी का कार्य होना बाकी है। हवाई पट्टी के साथ कई जगह मेजर ब्रिज, अंडरपास और माइनर ब्रिज का भी काम अधूरा है। जबकि अगस्त 2020 तक इसे जनता को सुपुर्द करने का लक्ष्य है। लेकिन समय से सब कुछ हो पाना मुश्किल दिखाई दे रहा है। लॉकडाउन से थोड़ा कार्य प्रभावित जरूर हुआ है। बावजूद कंट्रक्शन कंपनी निर्माण कार्य में रात-दिन जुटी है।
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की लंबाई 340 किलोमीटर है। इसका निर्माण आठ पैकेज में किया जा रहा है। पूरे एक्सप्रेस-वे में 60 आरओबी, 60 मेजर ब्रिज, 123 माइनर ब्रिज, 223 अंडरपास के साथ एक हवाई पट्टी का निर्माण किया जाना है। एक्सप्रेस-वे के निर्माण में 18 हजार करोड़ रुपये खर्च भी होना है। दो माह पूर्व इसका निरीक्षण करने आए उप्र के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने कहा था कि निर्माण कार्य में क्वालिटी से कतई समझौता नहीं किया जाएगा। किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।