बलियाः विदेश से पति ने फोन पर दिया तलाक, ससुराल वालों ने घर से निकाला, न्याय की गुहार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन तलाक को लेकर कानून बनने के बाद भी इस तरह के मामलों में कमी नहीं आ रही है। बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के सिकारियां गांव में भी इस तरह का मामला सामने आया है। नाजिश बेगम का निकाह मऊ के रामपुर थाना क्षेत्र के ढिलाई फिरोज निवासी कुतुबद्दीन उस्मानी के साथ 2018 में हुआ था। निकाह के तीन माह बाद ही पति कतर चला गया। नाजिश के अनुसार पति ने विदेश से ही उसे फोन पर 28 जुलाई 2020 को तीन बार तलाक बोल दिया। इसके बाद ससुराल वालों ने नाजिश को घर से निकाल दिया। तब से वह गड़वार थाने का चक्कर लगा रही थी, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार को नाजिश एएसपी से मिली तो उन्होंने महिला थाना प्रभारी को मामले की जांच कर सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।
नाजिश के अनुसार रिश्तेदारी का ही एक लड़का उस पर गंदी नजर रखता था। आरोप है कि वह कई बार उसके साथ जबरदस्ती का प्रयास भी कर चुका था। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत 28 जुलाई 2020 को फोन पर पति से की। पति नाजिश की शिकायत सुनते ही भड़क गया और कहने लगा कि अब तुम्हें नहीं रखूंगा। आरोप है कि फोन पर ही उसने तीन बार तलाक भी बोल दिया। उस समय नाजिश ससुराल में ही थी।
जैसे ही शौहर के परिवार वालों को इसकी जानकारी हुई कि कुतुबद्दीन ने तीन तलाक दे दिया है, उन्होंने नाजिश को घर से निकाल दिया। तब नाजिश मायके आ गई, इसके बाद से उसके पति ने फोन नहीं किया। यही नहीं उसने नाजिश के नंबर को अपने फोन में ब्लाक भी कर दिया है। नाजिश अपनी शिकायत लेकर गड़वार थाने गई तो वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। कई माह तक थाने का चक्कर लगाने के बाद वह शुक्रवार को एएसपी संजय कुमार के पास पहुंची। नाजिश ने बताया कि शादी के 12वें माह में उसकी एक बेटी पैदा हुई जो अब दो वर्ष की होने वाली है।
महिला ने प्रार्थना पत्र दिया है। इस संबंध में जांच के लिए महिला थानाध्यक्ष को निर्देशित किया गया हैं। यदि सत्यता पाई गई तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। -संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, बलिया।