Holi 2023: बैंकॉक जाने से भी महंगा है वाराणसी-मुंबई का सफर, होली से पहले आसमान में फ्लाइट टिकट के दाम
होली त्योहार के मद्देनजर फ्लाइट टिकट के दाम ऑफ-पीक सीजन की तुलना में कई गुना तक बढ़ चुके हैं। वाराणसी से मुंबई जाने-आने का सफर सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। जिस तेजी से बुकिंग चल रही है, उससे लग रहा है कि छह, सात और आठ मार्च को विमानों में भी जगह नहीं मिलेगी।
विस्तार
रंगों के त्योहार होली के मौके पर बड़े शहरों से अपने घर आने-जाने वालों के लिए विकट समस्या खड़ी हो गई है। ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, एसी फर्स्ट क्लास तक में रिजर्वेशन अब बचा नहीं है। इस सुनहरे मौके को विमानन कंपनियां जमकर भुना रही हैं। दिल्ली या मुंबई से वाराणसी आने वाली उड़ानों के किराये बैंकॉक के सफर से भी ज्यादा है।
फ्लाइट टिकट के दाम ऑफ-पीक सीजन की तुलना में कई गुना तक बढ़ चुके हैं। वाराणसी से मुंबई जाने-आने का सफर सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। आधिकारिक वेबसाइट पर जो ब्योरा उपलब्ध है, उसके मुताबिक मंगलवार को मुंबई से वाराणसी के लिए एक व्यक्ति के नान स्टॉप विमान का किराया 20,381 रुपये तक पहुंच गया।
ज्यादातर विमानों की सीटें फुल
वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एक व्यक्ति को अधिकतम 33,216 रुपये किराया देना पड़ सकता है। ज्यादातर विमानों की सीटें भी फुल हो गई हैं। होली सात-आठ मार्च को मनाई जाएगी। इससे पहले रंगभरी एकादशी की धूम रहेगी। लिहाजा, बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन हो रहा है। इसका असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिल रहा है।
पढ़ें: रंगभरी एकादशी: प्राचीन नगरी काशी के इस अनूठे रंगोत्सव का क्या है महत्व, पहली बार होगा ये काम
और बढ़ सकता है किराया
विमानन कंपनियों से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि विमानों का किराया फ्लैक्सी होता है। जिन लोगों ने पहले टिकट बुक करा लिए थे, वे सस्ता सफर कर सकते हैं। अब किराया महंगा हो गया है। यह स्थिति मार्च के दूसरे सप्ताह तक रह सकती है। जिस तेजी से बुकिंग चल रही है, उससे लग रहा है कि छह, सात और आठ मार्च को विमानों में भी जगह नहीं मिलेगी। अगर जगह मिली भी तो ज्यादा किराया देकर उड़ान भरा सा सकेगा।
दिल्ली और मुंबई से आने वालों की संख्या ज्यादा
विमानन कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार, दिल्ली और मुंबई से वाराणसी आने वालों की संख्या ज्यादा है। बंगलूरू, चेन्नई, कोलकाता, अहमदाबाद, हैदराबाद का भी हवाई ट्रैफिक अच्छा है। ज्यादातर विमान फुल आ रहे हैं।
पढ़ें: वाराणसी में सात को और पूरे देश में 8 मार्च को मनेगी होली, जानिए होलिका दहन का शुभ मुहूर्त और महत्व
शहर सामान्य किराया वर्तमान (28 फरवरी) किराया
- मुंबई-वाराणसी 6- 7 10-20
- दिल्ली-वाराणसी 4 - 5 09-21
- बंगलूरू 8- 9 10-19
- अहमदाबाद 5- 6 13 -23
- चेन्नई 7 -8 10-22