हॉकी प्रतियोगिता: लियो क्लब को 4-0 से रौंदकर जुपिटर क्लब सेमीफाइनल में, खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
Varanasi News: शिबू ने मिडफील्ड से शानदार क्रॉस पास दिया, जिस पर फुर्तीले स्ट्राइकर सूरज यादव ने गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ ही जुपिटर क्लब ने मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।
विस्तार
हॉकी प्रतियोगिता के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जुपिटर क्लब ने लियो क्लब को एकतरफा मुकाबले में 4-0 से करारी शिकस्त देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह बना ली। वीर अब्दुल हमीद की स्मृति में बुधवार को परमानंदपुर मिनी स्टेडियम पर बालक हॉकी प्रतियोगिता हुई।
मैच के शुरुआती क्षणों से ही जुपिटर क्लब के फॉर्वर्ड पंक्ति के खिलाड़ियों का दबदबा साफ दिख रहा था। उनके फूर्ति और बेहतरीन पासिंग ने लियो क्लब की डिफेंस को लगातार परेशान किया। खेल के सातवें मिनट में जुपिटर क्लब के लिए पहला गोल हुआ। शिबू ने मिडफील्ड से शानदार क्रॉस पास दिया, जिस पर फुर्तीले स्ट्राइकर सूरज यादव ने गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ ही जुपिटर क्लब ने मैच में 1-0 की बढ़त बना ली।
पहला गोल खाने के बाद लियो क्लब अभी संभल भी नहीं पाया था कि जुपिटर क्लब को एक पेनल्टी कॉर्नर मिल गया। खेल के दसवें मिनट में मिले इस अवसर को आदिल चौधरी ने बखूबी भुनाया। उन्होंने ताकतवर ड्रैग फ्लिक लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। इस गोल के साथ ही जुपिटर क्लब की बढ़त 2-0 की हो गई।
दो गोल से पिछड़ने के बाद लियो क्लब के खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की। उनके प्रमुख खिलाड़ी वैभव और मृत्युंजय ने आक्रमण की गति बढ़ाई और जुपिटर क्लब के गोलपोस्ट पर धावा बोला। हालांकि, जुपिटर क्लब की डिफेंस लाइन काफी मजबूत नजर आ रही थी। उनके डिफेंडर मुस्तैदी से डटे रहे और लियो क्लब के हर आक्रमण को नाकाम कर दिया। हाफ टाइम तक जुपिटर क्लब 2-0 की बढ़त बनाए हुए था।
दूसरे हाफ में भी जुपिटर क्लब का पलड़ा भारी रहा। खेल के 24वें मिनट में सूरज यादव ने देवा के माइनस पास पर बिना कोई देरी किए गेंद को गोल में पहुंचा दिया और जुपिटर क्लब को 3-0 से आगे कर दिया। मैच समाप्त होने से महज दो मिनट पहले, जुपिटर क्लब के शिबू ने अकेले ही गेंद को ड्रिबल करते हुए लियो क्लब की डिफेंस को छकाया और शानदार फील्ड गोल दाग दिया। इस गोल के साथ ही जुपिटर क्लब 4-0 से जीत दर्ज की।
दूसरे हाफ में लियो क्लब को गोल करने के कुछ अवसर मिले। उन्हें दो पेनल्टी कॉर्नर भी प्राप्त हुए, लेकिन उनके खिलाड़ी शिवम और वंश इन अवसरों को गोल में तब्दील करने में असफल रहे। जुपिटर क्लब की मजबूत डिफेंस और गोलकीपर के शानदार बचाव के कारण लियो क्लब पूरे मैच में एक भी गोल नहीं कर सका। मैच में जावेद और इदरीस अहमद ने निर्णायक की भूमिका निभाई।