बदल रही काशी: गंगा के चार घाटों पर बनेगी हेक्सागोनल आकार की मल्टीपर्पज फ्लोटिंग जेटी, मिलेगी ये खास व्यवस्था
Varanasi News: काशी में गंगा स्नान, मां गंगा की पूजा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन की सदियों से सनातन परंपरा रही है। श्रद्धालु मां गंगा की पूजा सुगमता से कर सकें, इसके लिए सरकार विशेष प्रबंध कर रही है।
विस्तार
गंगा के चार घाटों पर श्रद्धालु अब फ्लोटिंग जेटी पर बने चेंजिंग रूम में कपड़े बदल कर जेटी पर ही पूजा कर सकेंगे। गंगा में एक ही फ्लोटिंग जेटी पर पूजा स्थल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था होगी, साथ ही फ्लोटिंग जेटी पर ही बोट भी डॉक हो सकेंगे।
हेक्सागोनल आकार के डिजाइन की इस जेटी से अविरल निर्मल गंगा के प्रवाह पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। विशेष आकार-प्रकार के चार जेटी अलग-अलग घाटों पर स्थापित किया जाना प्रस्तावित है।
काशी में गंगा स्नान, मां गंगा की पूजा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन की सदियों से सनातन परंपरा रही है। श्रद्धालु मां गंगा की पूजा सुगमता से कर सकें, इसके लिए सरकार विशेष प्रबंध कर रही है। काशी के 8 घाटों पर पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर फ्लोटिंग जेटी पर चेंजिंग रूम के सफल प्रयोग के बाद अब इस जेटी पर पूजा स्थल के साथ अन्य घाटों पर भी स्थापित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें; UP News: प्रेमी संग बेटी की बातचीत से परेशान था पिता, दो युवकों के साथ मिलकर की युवक की हत्या; तीन गिरफ्तार
स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी ने बताया कि गंगा के घाटों पर चार विशेष फ्लोटिंग जेटी स्थापित की जाएगी। जो घाटों पर बने कुछ स्थापत्य कला से मेल खाते हुए दिखेंगे। उन्होंने बताया कि प्रत्येक जेटी पर पूजा स्थल और चेंजिंग रूम की व्यवस्था होगी, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं प्राप्त हो सकें।
इन जेटी को षट्कोणीय (हेक्सागोनल) आकार में डिजाइन किया गया है, ताकि गंगा के जल प्रवाह पर न्यूनतम प्रभाव पड़े। गंगा का जलस्तर कम होते ही फ्लोटिंग जेटी का कार्य शुरू होना प्रस्तावित है। 73 वर्ग मीटर में फ्लोटिंग जेटी का निर्माण लगभग 1.87 करोड़ से होगा।