यूपी : वाराणसी में कोरोना संक्रमण का ग्राफ गिरा, अब मौत पर नियंत्रण बनी चुनौती
नौ दिन में 86 मरीजों की मौत, रविवार को 851 में संक्रमण की पुष्टि, नौ ने गंवाई जान
विस्तार
वाराणसी में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में तो कमी आ रही है, लेकिन अभी भी मौत के आंकड़ों पर नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। अब तक इस महीने नौ दिन में ही 86 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस बीच रविवार को अलग-अलग जगहों से कुल 851 नए मरीज मिले, जबकि नौ मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को अलग-अलग जगहों से कुल 9087 मरीजों की रिपोर्ट मिली है। इसमें वीडीए कॉलोनी में पांच, कीनाराम आश्रम में 8 और नगवा में 7 लोग संक्रमित हुए हैं। इसके अलावा भिखापुर में 20, मानसिक अस्पताल में छह और बीएलडब्ल्यू में और बीएचयू में 20-20 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
कुल 74894 संक्रमित, 10596 सक्रिय मरीज
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी की वजह से ही अब एक्टिव मरीजों की संख्या भी घटकर 11000 के नीचे आ गई है। रविवार को होम आइसोलेशन में भर्ती 1767 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया, जबकि 126 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज हुए हैं। इसके साथ ही अब कुल संक्रमित 74894 में 63656 लोगों के डिस्चार्ज होने और 642 की मौत के बाद 10596 लोग सक्रिय मरीज हैं।