बीएचयू में एडमिशन के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, बढ़ी आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि
देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में से एक काशी हिंदू विश्वविद्यालय में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों को मायूस होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि प्रवेश को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने शनिवार को जो फैसला किया है, वो छात्रों के लिए किसी खुशखबरी से कम नहीं है। शैक्षणिक सत्र 2020-21 के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 12 मार्च कर दिया गया है।
दरअसल, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस 30 जनवरी 2020 से प्रारंभ हुई और आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 29 फरवरी 2020 तक निर्धारित थी। शैक्षणिक सत्र 2020-21 हेतु अब तक विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए चार लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। विश्वविद्यालय ने विभिन्न इंटरमीडिएट बोर्डों की परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाने का फैसला किया।
देशभर के 202 शहरों में होगी प्रवेश परीक्षा
इस वर्ष, विश्वविद्यालय ने विभिन्न स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए देशभर के 202 शहरों में 26 अप्रैल, 2020, 10 मई 2020 और 18 मई से 29 मई 2020 तक कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में प्रवेश परीक्षा आयोजित करने की योजना बनाई है।
वर्तमान आवेदन के आंकड़ों से यह पाया गया है कि निम्नलिखित स्नातक पाठ्यक्रमों हेतु प्रवेश परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र के विकल्प के रूप में वाराणसी शहर को प्राथमिकता देने वाले आवेदकों की संख्या वाराणसी में सीबीटी आयोजित करने की क्षमता से अधिक हो गई है।
जानें सीबीटी मोड के बारे में
ओएमआर आधारित परीक्षा प्रणाली के विपरीत, सीबीटी मोड अभ्यर्थी को परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी समय माउस के एक क्लिक के साथ किसी भी प्रश्न के उत्तर को बदलने के लिए सुविधा प्रदान करता है। यह सुविधा पेन-पेपर (ओएमआर आधारित) मोड में उपलब्ध नहीं थी।
जहां ओएमआर प्रणाली में गोल घेरा रंगने में अभ्यर्थी का काफी समय व्यतीत होता है वहीं सीबीटी प्रणाली अभ्यर्थी के बहुमूल्य कार्य समय की भी बचत करता है। इसके बारे में अभ्यर्थियों को परिचित कराने के लिए, बीएचयू के प्रवेश परीक्षा पोर्टल (www.bhuonline.in) पर एक सीबीटी मैनुअल (अंग्रेजी और हिंदी में) भी उपलब्ध कराया गया है।