वाराणसी में प्रेमिका का हंगामा: प्रेमी के घर के बाहर धरना, कहा- मेरे साथ संबंध बनाया; शादी नहीं करने दूंगी
Varanasi News: वाराणसी के रमईपट्टी गांव में एक युवती प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। उसका आरोप है कि युवक ने आठ साल तक शादी का झांसा देकर संबंध बनाए, लेकिन अब शादी से इनकार कर रहा है। पुलिस ने धरना समाप्त कराकर दोनों पक्षों को थाने बुलाया और बातचीत शुरू कराई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Varanasi News: वाराणसी में बड़ागांव थाना क्षेत्र के रमईपट्टी गांव में बुधवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने कथित प्रेमी के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने आठ वर्षों तक शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब शादी करने से इनकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
धरने पर बैठी युवती की पहचान सोनम पटेल, निवासी रसूलपुर, थाना लालपुर-पांडेयपुर के रूप में हुई है। वहीं आरोपित युवक आजाद पटेल, पुत्र मुनकू पटेल, रमईपट्टी गांव का निवासी बताया गया है। युवती का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और युवक लगातार शादी का भरोसा देता रहा। अब जब उसने विवाह की बात कही तो युवक ने पीछे हटना शुरू कर दिया, जिसके विरोध में वह उसके घर के बाहर धरने पर बैठ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ागांव थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने काफी देर तक युवती को समझाया और शांत कराया। इसके बाद युवती का धरना समाप्त कराया गया। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी सूचना दी और युवक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि युवती लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है, जबकि युवक के मामा का घर युवती के घर के बगल में था। इसी दौरान दोनों के बीच परिचय हुआ, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों ने पहले नोटरी के माध्यम से शपथ पत्र बनवाकर विवाह भी किया था। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के दस्तावेज और दावों की जांच कर रही है। घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। पुलिस का कहना है कि जांच और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।