पूर्वांचल में उफनती गंगा ने डराया, बलिया-गाजीपुर में खतरे का निशान और वाराणसी में चेतावनी बिंदु पार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और पिछले चार दिनों में कानपुर बैराज और नरौरा डैम से पानी छोड़े जाने के कारण गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। पूर्वांचल के कई जिलों में रविवार को गंगा खतरे का निशान पार कर तबाही मचाने लगी है। वाराणसी, गाजीपुर, बलिया, मिर्जापुर और भदोही में बाढ़ को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है।
बलिया और गाजीपुर के कटान वाले इलाकों के लोग घरों को छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जाने लगे हैं।
वाराणसी में रविवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु पार कर लाल निशान की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, बनारस में गंगा चेतावनी बिंदु पार कर 70.32 मीटर पर बह रही है।
गंगा के पलट प्रवाह से वरुणा में भी उफान आ गया है और पानी घरों में पानी घुस गया है। दोपहर 12 बजे जलस्तर 70.22 मीटर था। वाराणसी में चेतावनी बिंदु 70.26 मी. और खतरे का निशान 71.26 मीटर है। जिला प्रशासन ने तटवर्ती लोगों को अलर्ट करने के साथ ही साथ पीएससी और पुलिस के साथ एनडीआरएफ के जवानों को सतर्कता बरतने का निर्देश दे दिया है।
बलिया में गंगा लाल निशान से 1.27 मी. ऊपर बह रही है और एक सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव जारी है। रविवार को नदी का जलस्तर 58.880 मी. दर्ज किया गया। गंगा की लहरों ने केहरपुर में जमकर तबाही मचाई। यहां कटान होने के चलते पेयजल योजना के तहत बनी पानी की टंकी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुघरछपरा के साथ ही करीब दर्जनभर मकान जमींदोज हो गए।
केहरपुर में खतरा बिंदु से एक मीटर ऊपर बह रही गंगा ने रविवार को जमकर तबाही मचाई है। इसमें पेयजल योजना के तहत बनी पानी टंकी, पूमावि सुघरछपरा के साथ ही करीब दर्जनभर आशियाने नदी मे समाहित हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि जलेश्वर दुबे, मुनेश्वर दुबे, रामेश्वर दुबे, प्रभुनाथ ओझा, रामनाथ ओझा, योगेंद्र ओझा, जयप्रकाश ओझा, रमाकांत ओझा, शिवनाथ ओझा, शंभुनाथ ओझा, मंगलदेव ओझा का आशियाना पीड़ितों की नजरों के सामने जमींदोज हो गए। इसे पीड़ित दिल थाम कर मायूस नजरों से देखने के सिवाय कुछ न कर सके।

बलिया में गंगा के बढ़ते जलस्तर की वजह से गिरा घर
जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत व क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र सिंह ने रविवार सुबह दुबेछपरा रिंग बंधे का निरीक्षण किया। उन्होंने बंधे को हर हाल में बचाने का निर्देश बाढ़ विभाग के अधिशासी अभियंता को दिया।
गाजीपुर में रविवार की भोर में गंगा ने खतरा बिंदु 63.105 को पार कर लिया था। रविवार की शाम को जलस्तर 63.250 पहुंच गया था। जिले के करीब एक हजार गांव प्रभावित है। भदोही में जलस्तर 78.840 मीटर पहुंच गया था और पांच सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव जारी था।
मिर्जापुर में जलस्तर 76.520 मीटर रिकार्ड किया गया। जो खतरे के बिंदु से एक मीटर नीचे है। चंदौली में दोपहर में गंगा चेतावनी बिंदु को पार कर गई। जलस्तर 70.26 मीटर रिकार्ड किया गया, जिसमें तीन सेमी प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ाव जारी था।