चंदौली में मुठभेड़: पांच हजार रुपये और गांजे के लालच में गोवंश तस्करी, पुलिस टीम पर की फायरिंग; एक गिरफ्तार
जिले के कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर गोवंश तस्करी कर भाग रहे तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर वाराणसी निवासी सूरज उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया। क्रूजर से गाय और सांड बरामद हुए। आरोपी ने पांच हजार रुपये और गांजे के लालच में तस्करी करने की बात कबूली।
विस्तार
गोवंश तस्करी कर भाग रहे तस्करों ने कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके चार अन्य साथी फरार हो गए। मौके से क्रूजर वाहन में लदी एक गाय और एक सांड बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में तस्करी में शामिल होने की बात कबूल की।
चंदौली कोतवाली पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कोडरिया-बसरिकपुर मार्ग पर एक संदिग्ध क्रूजर वाहन आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार लोगों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद कुछ आरोपी चलती गाड़ी से उतरकर खेतों की ओर भागने लगे।
पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में दो राउंड हवाई फायरिंग करते हुए घेराबंदी की और सूरज उर्फ गोलू पटेल (26) निवासी लमही, थाना पहड़िया, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान क्रूजर में एक गाय और एक सांड लदा मिला। पुलिस ने वाहन समेत दोनों गोवंश को कब्जे में ले लिया।
फायरिंग के बाद अन्य आरोपी मौके से फरार
पूछताछ में सूरज ने बताया कि वह पांच हजार रुपये और गांजा पीने के लालच में गोवंश तस्करी में शामिल हुआ था। वाराणसी से छुट्टा गोवंश को क्रूजर में लादकर बिहार में वध के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, वाहन में सूरज के अलावा विकास चौहान, बाबू यादव, संतु यादव और शिवकुमार सोनकर भी सवार थे।
गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि विकास चौहान के कहने पर शिवकुमार सोनकर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। फायरिंग के बाद अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।
चंदौली कोतवाली प्रभारी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि गोवंश तस्करी कर भाग रहे तस्करों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।