48 घंटे में तीन हमले: यूएई, होर्मुज और फारस की खाड़ी में बनाए गए निशाना; सभी भारतीय नाविक सुरक्षित, भारत सतर्क
यूएई के मीना साकर के पास तेल टैंकर एमटी डोमिनिका प्रॉस्पेरिटी पर हमले के बाद सभी 19 भारतीय नाविक सुरक्षित बचा लिए गए। इससे पहले होर्मुज और फारस की खाड़ी में भी भारतीय नाविकों वाले टैंकरों को निशाना बनाया गया था। आखिर इन तीनों घटनाओं में क्या हुआ? कितने भारतीय घायल हुए? भारत ने समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर क्या रुख अपनाया है? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...
विस्तार
पश्चिम एशिया में समुद्री रास्तों से गुजरने वाले तेल टैंकरों पर हमलों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। 10 और 11 नवंबर के बीच यानी करीब 48 घंटे के भीतर तीन अलग-अलग टैंकरों को निशाना बनाया गया। ये घटनाएं फारस की खाड़ी, होर्मुज जलडमरूमध्य और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के मीना साकर के पास हुईं। इन जहाजों पर कुल 28 भारतीय नाविक सवार थे। इनमें से एक नाविक को मामूली चोट आई, जबकि बाकी सभी सुरक्षित हैं। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा की जानकारी दी है। सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।
किन तीन टैंकरों को कब और कहां बनाया गया निशाना?
पहली घटना 10 नवंबर को हुई। लाइबेरिया के झंडे वाला बड़ा तेल टैंकर एमटी फुजैराह एनर्जी अल रुवैस से दुबई जा रहा था। इसी दौरान फारस की खाड़ी में उस पर प्रोजेक्टाइल यानी विस्फोटक हथियार से हमला हुआ। इसके बाद 11 नवंबर को सऊदी अरब के झंडे वाले टैंकर एनसीसी फजर के साथ होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरते समय संभावित हमले की घटना हुई। इसी दिन यूएई के मीना साकर के पास लाइबेरिया के झंडे वाले कच्चे तेल के टैंकर एमटी डोमिनिका प्रॉस्पेरिटी को भी निशाना बनाया गया। इन तीनों घटनाओं ने समुद्री रास्तों से गुजरने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
एमटी फुजैराह एनर्जी पर हमले में कितने लोग घायल हुए?
10 नवंबर को हुए हमले के समय एमटी फुजैराह एनर्जी पर चालक दल के 24 सदस्य सवार थे, जिनमें छह भारतीय नाविक शामिल थे। हमले में चालक दल के चार सदस्य घायल हुए। इनमें एक भारतीय नाविक भी था, जिसे मामूली चोट आई। उसे आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए सुरक्षित तट पर पहुंचाया गया। बाकी 18 सदस्य सुरक्षित पाए गए, जिनमें पांच अन्य भारतीय नाविक शामिल थे। मंत्री सोनोवाल ने बताया कि सरकार जहाज प्रबंधन कंपनी के संपर्क में है और नाविकों की सुरक्षा, चिकित्सा तथा अन्य जरूरतों पर नजर रखी जा रही है।
होर्मुज और यूएई के पास हुए हमलों में भारतीय नाविकों का क्या हुआ?
11 नवंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे सऊदी अरब के झंडे वाले टैंकर एनसीसी फजर के साथ संभावित हमले की घटना हुई। इस जहाज पर तीन भारतीय नाविक सवार थे। सोनोवाल ने बताया कि तीनों भारतीय नाविक और पूरा चालक दल सुरक्षित है। इसी दिन यूएई के मीना साकर के पास एमटी डोमिनिका प्रॉस्पेरिटी को प्रोजेक्टाइल से निशाना बनाया गया। जहाज पर 19 भारतीय नाविक समेत कुल 22 लोग मौजूद थे। यूएई के तटरक्षक बल ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे चालक दल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सभी 19 भारतीय नाविकों को कोई चोट नहीं आई। सरकार जहाज प्रबंधन कंपनी के लगातार संपर्क में है।
भारत ने समुद्री रास्तों की सुरक्षा को लेकर क्या कहा?
भारत ने व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संयम बरतने और अंतरराष्ट्रीय समुद्री कानूनों का पालन करने की अपील की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत होर्मुज जलडमरूमध्य से जहाजों की सुरक्षित, स्वतंत्र और बिना रुकावट आवाजाही चाहता है। उन्होंने बताया कि भारत इस मामले से जुड़े सभी पक्षों के संपर्क में है, ताकि नागरिक जहाजों और नाविकों पर हमले रोके जा सकें। होर्मुज दुनिया का महत्वपूर्ण ऊर्जा मार्ग है। दुनिया के कुल पेट्रोलियम का करीब 20 प्रतिशत इसी रास्ते से गुजरता है। भारत कच्चे तेल के आयात के लिए इस समुद्री मार्ग पर काफी निर्भर है। दुनिया के समुद्री कर्मचारियों में भारतीय नाविकों की हिस्सेदारी करीब 10 से 12 प्रतिशत है। ऐसे में इन घटनाओं के बीच भारतीय नाविकों की सुरक्षा भारत के लिए अहम चिंता है।
तीनों घटनाओं में भारतीय नाविकों की क्या स्थिति रही?
- 10 नवंबर, एमटी फुजैराह एनर्जी: छह भारतीय नाविक सवार थे। एक को मामूली चोट आई, जबकि पांच सुरक्षित रहे।
- 11 नवंबर, एनसीसी फजर: तीन भारतीय नाविक सवार थे। सभी सुरक्षित रहे।
- 11 नवंबर, एमटी डोमिनिका प्रॉस्पेरिटी: 19 भारतीय नाविक सवार थे। सभी सुरक्षित बाहर निकाले गए।
इन तीन घटनाओं में कुल 28 भारतीय नाविक सवार थे। एक को मामूली चोट आई, जबकि बाकी 27 सुरक्षित रहे। भारत सरकार इन समुद्री घटनाओं पर लगातार नजर रख रही है और भारतीय नाविकों की सुरक्षा के लिए संबंधित पक्षों तथा जहाज प्रबंधन कंपनियों के संपर्क में है।