यूपी: दो जगह एक्सीडेंट से चार की मौत, एक ही गांव के दो लोगों की मौत से पसरा मातम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में दो अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार के हाइवे पर बने गड्ढे में उछलकर पलट जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। तो वहीं इसी थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिस पर सवार दो लोगों की मौत हो गई।
गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रोहुआ मोड़ पर सोमवार की दोपहर अनियंत्रित कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों लोग बगैर हेलमेट पहने बाइक चलाकर निमंत्रण में जा रहे थे। स्थानीय लोगों की मदद से कार और उसमें सवार लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक गांव के दो युवकों की मौत हो जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मृत ज्ञानचंद्र सरोज(30) पुत्र राजेंद्र और बुधिराम सरोज(38) पुत्र जगमोहन मेंहनगर थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के निवासी थे। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। गुजरात में रहकर किसी प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। करीब डेढ़ माह पूर्व घर आए हुए थे। होली का त्योहार मनाकर उनको फिर से गुजरात जाना था।
सोमवार को सरायमीर थाना क्षेत्र के पुरंदरपुर गांव निवासी एक रिश्तेदार के घर कोई वैवाहिक कार्यक्रम था। जिसमें निमंत्रण में दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इनकी बाइक जैसे ही आजमगढ़-वाराणसी मुख्य मार्ग पर स्थित गंभीरपुर थाने के रोहुआ मोड़ पर पहुंची कि वाराणसी की तरफ से आ रही अनियंत्रित कार ने पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक समेत दोनों युवक करीब दस फीट ऊपर हवा में उड़ गए। इसके बाद एक युवक कार की बोनट पर गिरा, जबकि दूसरा सड़क पर गिरा और बाइक अलग गिरी। घटना के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। लोग कार सहित सवार लोगों को पकड़ लिया।
गड्ढे में उछलकर पलटी कार, दो की मौत
गंभीरपुर थाने के मईखरगपुर निवाली बृजेश राय(42) की बुआ की मौत हो गई थी। उनके अंतिम संस्कार में भाग लेने बृजेश गांव निवासी मनीष राय(37) पुत्र जयप्रकाश के साथ उसी की कार से वाराणसी गए थे। उनके साथ गोमाडीह गांव निवासी राजीव राय(45) भी थे। वापसी के दौरान कार बृजेश राय ही चला रहे थे। देर रात कार देवगांव कोतवाली के बरडीहां मोड़ पर पहुंची, वहां सड़क का निर्माण होने की वजह से एक तरफ गड्ढा और दूसरी तरफ ऊंची सड़क बनाई गई थी। कार गड्ढे से होकर ऊंची सड़क पर तेजी से चढ़ी और उछलकर पलट गई, जिससे बृजेश राय और राजीव राय की मौत हो गई। मनीष राय राय गंभीर रूप से घायल हो गया।