Flood News: वाराणसी में 10 घंटे बाद भी 16 इलाकों से नहीं निकला बारिश का पानी, कहीं गिरा पेड़, कहीं धंसी सड़क
Varanasi News: वाराणसी के विभिन्न इलाकों में बाढ़ का असर दिखने लगा है। संभावना जताई गई है कि चंद घटों में बाढ़ का पानी आबादी इलाकों में भी पहुंच जाएगा। सुरक्षा और सहूलियत को लेकर तैयारियां चल रही हैं।
विस्तार
Flood in UP: रविवार की देर रात हुई मूसलाधार बारिश के 10 घंटे बाद भी सोमवार को 16 इलाकों से बारिश का पानी नहीं निकल सका। सोमवार को दिन में 12 बजे तक लोग पानी के बीच से गुजरते रहे। रविवार की रात 2 बजे तक बारिश हुई थी।
इसके बाद सोमवार को रात आठ बजे तक बारिश नहीं हुई है। इसके बावजूद शहर के नाले ओवरलोड हो गए। बारिश के चलते कहीं पेड़ गिरा तो कहीं सड़क धंसने की समस्या रही। कुछ इलाकों में बिजली कटौती भी रही।
नगर निगम की ओर से सावन के लिए विशेष तैयारी की गई है। क्यूआरटी का गठन करने के बाद भी समस्याओं से निजात नहीं मिल रही है। बड़ी-बड़ी मशीन के बाद भी जलभराव से मुक्ति नहीं मिल रही है। भोजूबीर से पांडेयपुर मार्ग पर पेड़ गिरा है। इससे यातायात बाधित है।
इसके अलावा सिद्धगिरी बाग, सारनाथ, लेढुपुर, भगवानपुर, लठिया आदि इलाकों में पानी लगा है। महमूरगंज के पास एक पेट्रोल पंप के निकट पानी भरा था। पदमश्री चौराहे पर गड्ढे में गाड़ी फंसी थी। रवींद्रपुरी में सड़क धंसी है। इसके अलावा महामृत्युंजय मार्ग पर कई जगहों पर गड्ढे हैं। अतुलानंद तिराहे के पास तीन बार सड़क धंसने के बाद पीडब्ल्यूडी ने यहां एहतियातन गिट्टी रखी है।
भिखारीपुर से अमरा अखरी जाने वाली सड़क के दोनों ओर कुछ दूरी पर पानी लगा है। दुर्गाकुंड इस्कान मंदिर के सामने और साकेतनगर में जलभराव की समस्या है। उधर कछवा रोड के हाइवे किनारे नाले की पुलिया बस्ती में खोलने से बस्ती जलमग्न हुआ। बैंक ऑफ बड़ौदा के दक्षिण हाईवे किनारे सोनकर बस्ती में नाले की पुलिया से पानी बहने के चलते लोगों के घरों के अगल-बगल खाली जमीनों में पानी भर गया है।
रामनगर में साढ़े आठ घंटे कटी रही बिजली
रामनगर में पूरी रात साढ़े आठ घंटे बिजली कटौती की गई। पंचवटी के पास बिजली के तार पर पेड़ की टहनी गिरने से एक पोल गिर गया। एक टेढ़ा हो गया था और तार भी टूट गया था। इस कारण साहूपुरी से मिलने वाली बिजली सप्लाई बंद हो गई। इसके कारण रात साढ़े नौ बजे से बिजली आपूर्ति पूरे रामनगर की ठप हो गई थी।
सोमवार सुबह लगभग छह बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई। रामनगर पावर हाउस को जिवनाथपुर से भी बिजली सप्लाई होती है। पिछले एक सप्ताह से जिवनाथपुर से आने वाली बिजली सप्लाई में टेंगरामोड से रामनगर के बीच कहीं फाॅल्ट है जो ठीक नहीं हुआ। वहीं, हैदराबाद गेट से सुसुवाही मार्ग की बिजली गुल है।
हरहुआ में बिजली गिरने से 4 ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त
हरहुआ क्षेत्र में बिजली गिरने से 4 ट्रांसफाॅर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। यहां 10 घंटे बाद बिजली आई। बीते रविवार को आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली की चपेट में आने से हरहुआ और तरना पॉवर हाउस के चार ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। इंद्रवार, भगतुपुर, मंसापुर, पुआरी कला और लोढान सहित कई क्षेत्रों में ट्रांसफाॅर्मरों में खराबी आ गई। उपखंड अधिकारी अभिजीत कुमार शाह ने बताया कि तेज आंधी और बिजली गिरने से काफी नुकसान हुआ। कई स्थानों पर इंसुलेटर पंचर हो गए और बिजली के तार टूट गए, जिन्हें कर्मचारियों से ठीक करवाया गया।