साल के पहले दिन ट्रैफिक का हाल: एंट्री न मिलने पर दरोगा को युवक ने दी धमकी; डीएसपी का बेटा हूं, वर्दी उतरवा..
काशी विश्वनाथ मंदिर को दर्शन पूजन को आने वाले श्रद्धालुओं के चलते रथयात्रा-गुरुबाग और गिरजाघर चौराहा देर शाम तक जाम की चपेट में रहा। उधर, संकट मोचन मंदिर को जाने वाले मार्गों पर भी जाम रहा। सबसे अधिक जाम तो अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर रहा। लंका-अस्सी मार्ग पर शाम तक जाम लग रहा। वाहनों को निकलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
विस्तार
काशी विश्वनाथ मंदिर को दर्शन पूजन को आने वाले श्रद्धालुओं के चलते रथयात्रा-गुरुबाग और गिरजाघर चौराहा देर शाम तक जाम की चपेट में रहा। उधर, संकट मोचन मंदिर को जाने वाले मार्गों पर भी जाम रहा। सबसे अधिक जाम तो अस्सी घाट जाने वाले मार्ग पर रहा। लंका-अस्सी मार्ग पर शाम तक जाम लग रहा। वाहनों को निकलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए। घाट किनारे पहुंचने वालों की गाड़ियों से नगवा मार्ग पटा रहा। सभी प्राइवेट पार्किंग फुल रहे। सड़क किनारे वाहनों को खड़ा कराकर पार्किंग वसूली गई।
डीएसपी का बेटा हूं, वर्दी उतरवा लूंगा...दरोगा को धमकी
रथयात्रा चौराहे पर सोमवार को वनवे व्यवस्था रही। गुरुबाग से आने वाले वाहनों को रथयात्रा चौराहे को पार नहीं करने दिया गया। इन वाहनों को गुरुद्वारा से कमच्छा गर्ल्स इंटर कालेज से कमच्छा तिराहे से रथयात्रा चौराहे पर निकाला जा रहा था। इस दौरान गुरुबाग की ओर से स्कूटी से पहुंचे युवक को महमूरगंज की तरफ जाना था। ड्यूटी पर लगे दरोगा ने युवक को रोक लिया और कमच्छा होकर आने को कहा, इस पर युवक ने दरोगा से कहा कि जानते नहीं है हो, डीएसपी का बेटा हूं, वर्दी उतरवा लूंगा। इस पर दरोगा ने भी कहा कि उच्चाधिकारियों का आदेश है किसी को भी जाने नहीं दूंगा। अंत: दरोगा ने युवक को जाने नहीं दिया, बल्कि स्कूटी की फोटो भी अपने मोबाइल में कैद कर ली।