वाराणसी: मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित, नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए 16 दिसंबर तक मौका
वाराणसी में विधानसभा मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत 17 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। मतदाता 16 दिसंबर तक फॉर्म-6, 7 और 8 के माध्यम से नाम जुड़वाने, हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विस्तार
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। अब 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, अपात्र नाम हटवाने और विवरण में संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद चार जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस दौरान 21-22 और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया। इस दौरान सभी राजनीतिक दलों को सूची और पूरक सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की अपील की।
नाम, उम्र और पता जरूर जांच लें
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच कर लें। इसमें नाम, आयु, लिंग, फोटो और अन्य विवरणों की शुद्धता सुनिश्चित करें। किसी तरह की गलती मिलने पर निर्धारित फॉर्म के माध्यम से संशोधन के लिए आवेदन करें।
नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, हटाने के लिए फॉर्म-7
आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए फॉर्म-6 भरना होगा। किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने या अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा।
वहीं, नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआईसी प्रतिस्थापन और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा।
नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान
पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 21 और 22 नवंबर के साथ 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों संबंधित बूथों पर मतदाता सूची से जुड़ी प्रक्रिया के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी।
वेबसाइट पर भी देख सकेंगे मतदाता सूची
आलेख्य मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in और जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट varanasi.nic.in पर उपलब्ध है। इसके अलावा संबंधित मतदेय स्थलों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में भी सूची देखी जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना जरूरी है। इसलिए निर्धारित अवधि में अपने विवरण की जांच कर आवश्यक आवेदन अवश्य करें।
