वाराणसी: जन्मदिन मनाने के एक दिन बाद ही बेटे के सिर से उठा पिता का साया, ट्रैक्टर की टक्कर से मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में चिरईगांव में मिट्टी से लदे ट्रैक्टर ट्राली के धक्के से एक युवक की मौत हो गई। जिसकी पहचान बभनपुरा निवासी रवि यादव उर्फ नत्थू(24) पुत्र दूधनाथ यादव के रूप में हुई है। बाइक के पीछे बैठे मृतक के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मृतक के भाई किशन यादव ने थाने में तहरीर दी है। मौत की सूचना मिलते ही पत्नी अनिता बेसुध हो गई है।
घटना बीती रात लगभग बारह बजे की बताई जा रही है। मृतक दूध बेचकर पिता के साथ शहर से घर वापस आ रहा था। रिंग रोड के पास कमौली बभनपुरा मार्ग पर गरबावीर बाबा मंदिर के सामने मिट्टी लदे ट्रैक्टर-ट्राली से धक्का लग गया। बाइक चला रहे मृतक रवि के सिर में गंभीर चोट लग गई।
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने दोनों लोगों को बीएचयू ट्रामा सेंटर इलाज के लिए ले गए। जहां चिकित्सकों ने रवि को मृत घोषित कर दिया। घायल दूधनाथ को इलाज कर छोड़ दिया। परिजन शव को लेकर घर वापस आ गए। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि एक दिन पहले शनिवार को ही पिता ने बेटे राज का जन्मदिन मनाया था। उसके एक दिन बाद ही पिता का साया उठ गया। एक दिन बाद ही घटी इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में मातम छा गया।
अवैध मिट्टी खनन व परिवहन बना दुर्घटना का कारण
मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन के चल रहे गोरख धंधे को ही दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। अप्रशिक्षित ट्रैक्टर चालक बेरोकटोक क्षमता से अधिक मिट्टी लादकर सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। खनन विभाग और पुलिस की चुप्पी इसको और बढ़ावा दे रही है। बभनपुरा में हुई घटना भी मिट्टी लदे ट्रैक्टर से हुई है।
घटना स्थल पर पहुंचे जाल्हूपुर चौकी प्रभारी अंशुमान सिंह ने बताया कि मिट्टी खनन चिरईगांव चौकी क्षेत्र के सिंहवार गांव से किए जाने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर पर अंकित वाहन पंजीकरण नंबर भी गलत है। जल्दी ही कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।