वाराणसी में ईवीएम पर बवाल: 300 अज्ञात पर हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में केस, वीडियो से हो रही उपद्रवियों की पहचान
ईवीएम की अदला-बदली का आरोप लगाकर मंगलवार रात वाराणसी के पहड़िया मंडी में एडीजी जोन की गाड़ी पथराव करने, बवाल और उपद्रव मामले में 300 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज हुआ है।
विस्तार
वाराणसी के पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर मंगलवार रात ईवीएम बदलने का आरोप लगाकर एडीजी जोन की गाड़ी पर पथराव करने, बवाल और उपद्रव मामले में 300 अज्ञात लोगों पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।
रात में हंगामे के वक्त एडीजी जोन रामकुमार की गाड़ी पर पथराव हुआ था। उनका चालक लालता प्रसाद घायल हुआ था। चालक की ही तहरीर पर लालपुर-पांडेयपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, सरकारी काम में बाधा समेत 16 संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वीडियो और फोटो के जरिये अज्ञात उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं खजूरी के रहने वाले अभिजीत सिंह ने भी तोड़फोड़ मामले में अज्ञात सपा कार्यकर्ताओं पर मुकदमा दर्ज कराया। लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि सपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रशिक्षण के लिए जा रही रही ईवीएम को वाहन सहित रोकने, मार्ग को जाम करने, एडीजी जोन रामकुमार की गाड़ी पर पथराव में चोटिल एडीजी जोन के चालक लालता प्रसाद की तहरीर पर हत्या के प्रयास, बलवा और लूट अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को चिन्हित किया जा रहा है।
वहीं दूसरी ओर थाना अंतर्गत खजूरी निवासी अभिजीत सिंह की तहरीर पर भी सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना में शामिल सभी की शिनाख्त कराई जा रही है, इसके लिए दो टीमें गठित करते हुए जांच की जा रही है। पहड़िया मंडी गेट पर उपद्रव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उधर, मामले की जांच से भी उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया है। मंगलवार रात पहड़िया मंडी स्थित स्ट्रांग रूम के बाहर पांच हजार से अधिक सपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम में गड़बड़ी का आरोप लगाकर बवाल किया था। जबकि मालवाहक वाहन से ईवीएम यूपी कॉलेज में कर्मचारियों के मतगणना प्रशिक्षण के लिए जा रहा था।