घर का सपना दिखाकर करोड़ों का झांसा: सरकारी कर्मचारी, पुलिसकर्मी और मुंशी तक ठगे गए,‘शाइन सिटी’ जैसी आशंका
Varanasi News: वाराणसी में अपना घर का सपना दिखाकर करोड़ों की ठगी की घटना को अंजाम दिया गया। ऐसे मामलों में पांच दिनों में तीन प्राथमिकी और दो साल में 11 प्राथमिकी धोखाधड़ी की दर्ज हुई।
विस्तार
अपने घर का सपना दिखाकर और लोन कराकर लोगों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी के आरोपी प्रॉपर्टी कारोबारी गौरव गुप्ता, उसके भाई दीपक गुप्ता समेत परिवार के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पांच दिनों में तीन प्राथमिकी और दो साल में 11 प्राथमिकी धोखाधड़ी की दर्ज हुई। शाइन सिटी की तरह धोखाधड़ी का मामला सामने आ रहा है।
हैरानी की बात यह है कि इस कथित ठगी के जाल में केवल सरकारी कर्मचारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी फंस गए हैं। पिछले दो वर्षों में ऐसे 10 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें एक करोड़ रुपये से अधिक की रकम फंसने का आरोप है। साथ ही कचहरी से जुड़े कुछ कर्मचारी भी हैं हालांकि अभी इनके द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई।
इसे भी पढ़ें; Research: दुनिया की 256 करोड़ साल पुरानी चट्टान मध्य प्रदेश में मिली, 10 भू वैज्ञानिकों ने खोजा
पीड़ितों का आरोप है कि प्रॉपर्टी कारोबारी गौरव गुप्ता और उसका भाई प्लॉट और जमीन दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लिए। कई लोगों ने बैंक से ऋण लेकर रकम का भुगतान किया। पुलिस विभाग के कई कर्मचारियों ने भी इसी भरोसे पर बैंक से लोन कराया और पिछले दो वर्षों से उसकी किस्तें चुका रहे हैं। लेकिन न तो उन्हें जमीन का कब्जा मिला और न ही उनकी रकम वापस हुई।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कारोबारी ने अलग-अलग लोगों से अलग-अलग परियोजनाओं के नाम पर पैसा लिया। कई मामलों में एग्रीमेंट और भुगतान के दस्तावेज होने का दावा भी किया है। पीड़ित अब एक-दूसरे से संपर्क कर रहे हैं और सामूहिक रूप से कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटे हैं।
मामला तूल पकड़ने के बाद इसकी तुलना चर्चित साइन सिटी प्रकरण से की जाने लगी है। पीड़ितों का कहना है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो बड़ी संख्या में और निवेशक सामने आ सकते हैं।