आजमगढ़ में मुठभेड़: पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था हत्यारा, पैर में लगी गोली; आपसी विवाद में किया था मर्डर
UP Encounter News: आजमगढ़ में बदमाश ने चाकू से हमला कर एक शख्स की जान ले ली थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। उसने हत्या करने की वजह भी पूछताछ में बताई है।
विस्तार
Azamgarh News: मुबारकपुर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में हत्या का आरोपी घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चाकू, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल ने बताया कि तीन अप्रैल 2026 की रात थाना क्षेत्र के इस्लामपुरा गांव में आपसी विवाद के दौरान नौशाद के पुत्र मो. हस्सान पर उसके पड़ोसी इरफान ने चाकू से हमला कर दिया था। हमले में गंभीर रूप से घायल हस्सान को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।
रविवार, पांच अप्रैल को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या का आरोपी दामोदरपुर मार्ग पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी और संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया।
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस को देखते ही आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इरफान निवासी इस्लामपुरा, थाना मुबारकपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन, सफेद धातु की बिछिया और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने तीन अप्रैल को आपसी विवाद में मो. हस्सान पर चाकू से हमला किया था, जिससे उसकी मौत हो गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था और पुलिस को देखकर उसने फायरिंग कर दी। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।