UP: फाइनेंस कंपनी के ऑफिस में फंदे से लटकती मिली कर्मी की लाश, टेबल पर टिके थे दोनों पैर; बूढ़े मां-बाप बेसुध
Ghazipur News: जिले में एक फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में कर्मचारी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: बहरियाबाद क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित फातिमपुर निवासी जयप्रकाश यादव के मकान में संचालित एक प्राइवेट फाइनेंस कंपनी के कार्यालय में बृहस्पतिवार को एक कर्मचारी का शव पंखे के सहारे लटका मिला। मृतक के दोनों पैर मुड़कर टेबल पर टिके हुए थे। दूसरे तल पर सो रहे प्रबंधक जब सुबह नित्य क्रिया के लिए निचले तल पर स्थित कार्यालय में पहुंचे तो यह दृश्य देखकर हतप्रभ रह गए।
उन्होंने पास-पड़ोस के लोगों को सूचना दी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद ने बताया कि राजापुर गांव निवासी इंद्रजीत यादव (30) रायपुर बाजार स्थित सैदपुर-चिरैयाकोट मार्ग पर संचालित विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्रा. लि. में कर्मचारी थे। बुधवार की शाम वह प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ राजापुर गांव में पट्टीदारी में आयोजित एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होकर रात करीब नौ बजे लौटे थे। इसके बाद दोनों कार्यालय के ऊपरी तल पर सो गए।
सैदपुर थाना क्षेत्र के बड़िहारी गांव निवासी प्रबंधक धर्मेंद्र यादव बृहस्पतिवार सुबह करीब आठ बजे नित्य क्रिया के लिए नीचे स्थित कार्यालय में आए तो देखा कि इंद्रजीत यादव का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ है। उनके दोनों पैर मुड़कर टेबल पर टिके थे। यह देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पंखे से लटककर आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के चाचा राधेश्याम यादव की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
उक्त कंपनी फातिमपुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव के रायपुर बाजार स्थित मकान में संचालित है। मृतक के पिता का निधन बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद उनका पालन-पोषण बड़े पिता ने किया था। घटना की सूचना मिलने पर बड़े पिता कांता यादव, बड़ी मां सावित्री देवी तथा माता सुनरी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, ग्रामीणों में चर्चा है कि मृतक का किसी युवती से प्रेम प्रसंग था और युवती की शादी तय होने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। हालांकि, इस संबंध में किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।