Electricity Crisis: चौक में जला ट्रांसफार्मर, दस घंटे बिजली गुल, कारोबार पर संकट; नहीं चल सका इन्वर्टर
Electricity Crisis News: नीचीबाग कई घंटों तक बत्ती गुल रहने से यहां के लोगों और व्यापारियों को फजीहत का सामना करना पड़ा। व्यापार काफी प्रभावित हुआ। लोग विभाग को कोसते नजर आए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Electricity Crisis in Varanasi: बरसात में जिले में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई है। तार और ट्रांसफार्मर जलने के बाद बिजली आपूर्ति बहाल होने के लिए लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। शनिवार को चौक उपकेंद्र के तहत नीचीबाग में सुबह 11 बजे से जला ट्रांसफार्मर रात 10 बजे तक नहीं बदला जा सका।
इससे 10 घंटे तक करीब आधा दर्जन इलाकों में बिजली गुल रही। घरों में लोगों को पानी के लिए भी तरसना पड़ा। इसके चलते उनके घर पर लगा इन्वर्टर भी जवाब दे गया। उधर बिजली न रहने से व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित रहा।
पिछले दिनों ऊर्जामंत्री ने अपने दौरे के दौरान अधिकारियों को बेहतर बिजली आपूर्ति पर विशेष ध्यान देने को कहा था। इसमें यह भी कहा था कि अगर कहीं से ट्रांसफॉर्मर जलने, लोकल फाॅल्ट, तार जलने जैसी समस्या मिले तो जल्द से जल्द उसे दूर करवाना होगा। इसके बाद भी ग्रामीण इलाकों की बात तो दूर शहरी क्षेत्र में ही दस घंटे तक ट्रांसफार्मर नहीं बदल पा रहा है।
चौक उपकेंद्र के नीचीबाग डाकघर के पास लगा ट्रांसफार्मर सुबह 11 बजे जल गया। इससे रेशम कटरा, राजा दरवाजा, गोविंदपुरा, नारियल बाजार, ठठेरी बाजार में बिजली गुल हो गई। दस घंटे तक बिजली न रहने से व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो गया। व्यापारियों ने बताया कि किसी तरह ट्रॉली ट्रांसफाॅर्मर मंगाया गया, कुछ देर में वह भी जवाब दे गया।
बिजली कटने से सराफा मार्केट की दुकान शाम को ही बंद कर दुकानदार घर चले गए। अधिशासी अभियंता आरबी शर्मा ने बताया कि ट्रांसफाॅर्मर जलने के बाद आपूर्ति सुचारू रुप से चलते रहने के लिए ट्राली ट्रांसफाॅर्मर लगवाया गया है। इसके बाद किसी तरह की समस्या नहीं होगी। बहुत जल्द ही स्थायी ट्रांसफाॅर्मर भी लगवा दिया जाएगा।