Electricity Crisis: बारिश में लड़खड़ाई बिजली आपूर्ति, पंडाल में उतरा करंट; फाल्ट से परेशानी
वाराणसी में शुक्रवार को दिन भर हुई बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली वहीं, काफी दिक्कतें भी झेलनी पड़ी। पूजा पंडाल भीग गए। शहर से लेकर गांव तक बिजली फाल्ट की शिकायतें दर्ज की गईं।
विस्तार
Varanasi News: शुक्रवार को दोपहर से शुरू होकर रात में तक हुई बारिश की वजह से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था लड़खड़ा गई। लहरतारा दुर्गा पूजा पंडाल में करंट उतर गया तो मंडुवाडीह इलाके में एबीसी जलने की वजह से बिजली गुल हो गई। इसके अलावा शहर से लेकर गांव तक फाल्ट की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विजयादशमी के दिन बीती देर शाम से ही मौसम का मिजाज बदला। इधर शुक्रवार की सुबह से ही नम हवाओं के चलने के साथ ही बादलों की आवाजाही जारी रही। दोपहर करीब 1 बजे से रूक-रूक कर तेज बारिश देर रात तक होती रही। शुक्रवार की शाम करीब 5 बजे लहरतारा पुल के पास बने दुर्गा पूजा पंडाल में करंट उतरने लगा।
समिति के लोगों को हुई दिक्कत
इसकी जानकारी पूजा समिति के लोगों ने तत्काल उपकेंद्र पर दी। इसके बाद जेई ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तत्काल बिजली बंद करवाई। करीब आधे घंटे बाद स्थिति सामान्य हो गई। इसके अलावा मंडुवाडीह थाने के पीछे गणेश मंदिर के पास एबीसी जलने की वजह से आपूर्ति बाधित हो गई।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे बिजली कर्मियों ने एबीसी को बदलकर आपूर्ति बहाल करवाई। इसके अलावा चांदपुर इंडस्टि्रयल एरिया, भिटारी, ककरमत्ता, पांडेयपुर, वरुणापार आदि इलाकों में बिजली की आवाजाही जारी रही। भगवानपुर के अरविंदों कालोनी स्थित आटा चक्की के पास दोपहर करीब ढाई बजे बिजली गुल हो गई।
गांवों में ज्यादा दिक्कत
कालोनीवासियों में डॉ. दीनानाथ, बालमुकुंद, मनोज राजभर, अनिल शर्मा ने बताया कि उपकेंद्र पर फोन करने के बाद भी सही जानकारी नहीं मिली। रोहनिया विद्युत उपकेन्द्र के यूनिवर्सिटी फीडर से बारिश से दिन मे एक बजे से बिजली कट गयी। इस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों ने उपकेंद्र को सूचना दी तो किसी तरह पांच बजे बहाल हुई लेकिन पांच मिनट बाद फिर चली गई। इसके बाद शाम 6.30 बजे बहाल हुई तो लोगों ने राहत की सांस ली। उधर चौबेपुर इलाके में गरथौली विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गरथौली, टाड़पर, अनेवा, कादीपुर कलां, छितमपुर, परानापुर समेत कई गांवों में अपराह्न तीन बजे बिजली चली गई। पता चला कि ट्रांसफार्मर में फाल्ट की वजह से समस्या आई है।