Electricity: पोस्टपेड से प्रीपेड होते ही माइनस में आए 54 हजार उपभोक्ताओं के बिल, नई व्यवस्था पर सवाल
Varanasi News: मोबाइल पर मेसेज आने के बाद हर दिन उपभोक्ता उपकेंद्रों पर शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। जहां अधिकारियों की ओर से स्मार्ट मीटर लगने के बाद निगेटिव बैलेंस में नाम आने और इससे जुड़ी अन्य जानकारी दी जा रही है।
विस्तार
बिजली निगम की ओर से जिले में उपभोक्ताओं के पोस्टपेड मीटर को प्रीपेड में बदलते ही 54669 उपभोक्ताओं का बिल माइनस (निगेटिव बैलेंस) में आ गया है। विभाग की इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद 16 करोड़ 83 लाख 84 हजार रुपये कर्ज भी हो गया है।
अब निगम के सामने उपभोक्ताओं से बकाया बिल जमा करवाना बड़ी चुनौती बनी है। विभाग की ओर से अब स्मार्ट मीटर में बैलेंस खत्म होने का मेसेज भी उपभोक्ताओं को मोबाइल पर भेजा जा रहा है। निगेटिव बैलेंस आने की समस्या लेकर उपभोक्ता भी उपकेंद्र का चक्कर लगा रहे हैं।
जिले में बिजली के कुल उपभोक्ताओं की संख्या करीब 7 लाख है। इसमें घरेलू उपभोक्ताओं के साथ ही सरकारी-निजी कार्यालयों और छोटी-बड़ी संस्थाओं, कंपनी, औद्योगिक कारखाने से जुड़े लोग भी शामिल हैं। इस बीच निगम की ओर से पोस्टपेड वाले कनेक्शन को प्रीपेड में बदलने का निर्णय लिया गया है। अब तक 132000 उपभोक्ता स्मार्ट मीटर लगवा चुके हैं।
हो रही परेशानी
मीटर को बदलने का मेसेज आने के बाद तो उपभोक्ता हैरानी में थे ही अब हर दिन सुबह से लेकर शाम तक कई बार स्मार्ट मीटर से बैलेंस खत्म होने का मेसेज भी निगेटिव बैलेंस के रूप में आ रहा है। जिले में इस तरह के 54669 उपभोक्ता हैं, जिनका नाम निगेटिव बैलेंस वाली सूची में आ गया है। कुछ लोगों का बैलेंस 100 रुपये तो कुछ का 1 हजार और उससे अधिक तक दिख रहा है। इसमें माइनस में आए बिल को जमा करने पर कनेक्शन काटे जाने की चेतावनी भी दी जा रही है।
जिन उपभोक्ताओं का नाम निगेटिव बैलेंस (माइनस) की श्रेणी में आ गया है, उन सभी के मोबाइल नंबर पर मेसेज भेजे जा रहे हैं। संबंधित उपभोक्ता बिजली निगम के आधिकारिक एप के प्रयोग से बकाया जमा कर सकते हैं। इसमें नियमानुसार पार्ट पेमेंट की भी सुविधा मिलेगी ताकि उन पर दबाव न रहे। - राकेश कुमार, मुख्य अभियंता
बिजली व्यवस्था में सुधार पर खर्च होंगे 548 करोड़
राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में बिजली व्यवस्था की समीक्षा की। कहा कि 548 करोड़ से सुधार कार्य कराए जाएंगे। राज्यमंत्री ने बांस बल्ली पर लटकते बिजली के तारों को शत-प्रतिशत व्यवस्थित करने और 16 नए बनने वाले विद्युत सब स्टेशन के निर्माण कार्य को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश मुख्य अभियंता को दिए।
कहा कि नए 1202 ट्रांसफार्मरों के उच्चीकरण, 16 सब स्टेशन के निर्माण, 21 एडिशनल ट्रांसफाॅर्मर लगाने के साथ ही 552 और 1246 किमी एलटी लाइन का कार्य होना है। कहा कि प्रस्तावित 15 नए विद्युत उपकेंद्रों के लिए स्थान चयन शीघ्र कर काम शुरू करवाना होगा। बैठक में मुख्य अभियंता राकेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।