हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में चुनाव आज, सुरक्षा सख्त, प्रत्याशियों ने रात भर किया डोर-टू-डोर संपर्क
वाराणसी के हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज में शुक्रवार को होने वाले छात्रसंघ चुनाव के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। प्रचार का शोर थमने के बाद समर्थकों ने घर-घर जाकर वोट देने की अपील की। मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों ने देर रात तक जनसंपर्क किया। सुरक्षा व्यवस्था सख्त होने के कारण परिसर में अभी तक शांतिपूर्ण प्रचार प्रसार हुआ।
बृहस्पतिवार को हरिश्चंद्र महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव में जीत के लिए प्रत्याशियों ने प्रचार प्रसार के तमाम हथकंडे अपनाए। चारों पदों पर सीधा मुकाबला होने के कारण प्रत्याशी कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। छात्रसंघ के चार प्रमुख पदों पर आठ प्रत्याशी मैदान में हैं।
मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. विजय कुमार राय ने बताया कि 13 दिसंबर को होने वाले चुनाव के लिए सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। छात्रों को परिचय पत्र व शुल्क रसीद की मूल प्रति लाना अनिवार्य होगा। 7501 मतदाताओं के लिए परिसर में 14 बूथ बनाए गए हैं। मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। मतगणना दोपहर तीन बजे शुरू होगी। मतगणना के लिए पांच टेबल बनाए गए हैं।
संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव 30 को
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार को छात्रसंघ चुनाव की घोषणा हो गई। छात्रसंघ चुनाव 30 दिसंबर को कराया जाएगा। इसके साथ ही परिसर में चुुनाव आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। यह जानकारी चुनाव अधिकारी प्रो. शैलेश कुमार मिश्र ने दी। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन 18 दिसंबर को होगा। मतदाता सूची पर आपत्तियों का निस्तारण 19 दिसंबर को होगा।