जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित अन्य पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर दिखने लगा है। मंगलवार को सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। कोहरा तो नहीं रहा, शीतलहर और गलन बढ़ने से लोग कांपते रहे।
अचानक बढ़ी ठंड और शीतलहर के कारण इंटर तक के स्कूल-कॉलेजों को 21 दिसंबर तक के लिए बंद कर दिया गया है। डीएम कौशल राज शर्मा ने यूपी बोर्ड, संस्कृत बोर्ड, मदरसा, सीबीएसई/आईसीएसई बोर्ड द्वारा संचालित विद्यालयों में इंटर तक की कक्षाएं और आंगनबाड़ी केंद्र 19 से 21 दिसंबर तक बंद रखने के आदेश दिए हैं।
साथ ही आदेश का कड़ाई से पालन करने को कहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस की तुलना में मंगलवार का तापमान 15, जबकि न्यूनतम 12 डिग्री की जगह 8.4 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अभी ठंड और बढ़ेगी। इस सप्ताह रविवार तक बनारस समेत कुछ जगहों पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबादी की भी संभावना है। अभी तीन-चार दिन तक तापमान में कमी आएगी।
नम हवाओं ने बदला मौसम का मिजाज
पिछले तीन दिनों से नम हवाएं चलने की वजह से मौसम का मिजाज बदला। दिन में ठंडी हवाएं चल रही हैं, जिससे रात में गलन बढ़ रही है। मंगलवार सुबह बादल छाए रहने की वजह से धूप भी असरदार नहीं रही। दोपहर में आसमान साफ हुआ, लेकिन हवा में नमी की वजह से लोग ठंड से कांपते रहे।