Varanasi: चलती कार में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, मौत से पहले दो सवारियों की बचाई जान
वाराणसी के भोजूबीर में चलती कार में हार्ट अटैक से चालक की मौत हो गई। वहीं, अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में टकरा गई। जिस समय ऐसा हुआ उस वक्त टैक्सी कार में दो यात्री भी सवार थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ये कहावत तो हम सब ने सुना है कि मौत कभी बताकर नहीं आती और जब मौत आती है तो सब अचानक ही हो जाता है। किसी को नहीं पता रहता कि उनकी मौत कब होगी। वाराणसी में शनिवार को एक ऐसी ही घटना घटी है। जहां कार चलाते हुए चालक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं, अनियंत्रित कार सड़क किनारे खड़ी एक बाइक में टकरा गई।
रफ्तार धीमी रहने के कारण कार सवार दो यात्री सुरक्षित रहे। हालांकि घटना के बाद वो अचरज से भरे रहे। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि जो व्यक्ति थोड़ी देर पहले तक बात कर रहा था। शहर के बारे में बता रहा था, उसकी अब सांसें थम चुकी हैं।
एयरपोर्ट से यात्रियों को लेकर आ रहा था
गाजीपुर के जमुआ निवासी उमाशंकर टैक्सी चालक था। शनिवार सुबह बाबतपुर एयरपोर्ट से यात्रियों को कार में लेकर शहर की ओर आ रहा था। भोजूबीर के पास कार पहुंची थी कि अचानक उमाशंकर ने कार किनारे लगाई। इस दौरान कार किनारे लगाने में खड़ी बाइक में टक्कर मार दी। जब तक कार में बैठे सवारी कुछ समझते कि उमाशंकर स्टेयरिंग पर ही सिर आगे कर लेट गया।
यात्रियों को कुछ समझ में नहीं आया तो आसपास के लोगों को बुलाया। उन लोगों ने अर्दली बाजार पुलिस चौकी पर सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने अचेतावस्था में उमाशंकर को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल ले गए। नब्ज टटोलते ही चिकित्सकों ने कार चालक को मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों के अनुसार हार्ट अटैक आने से उमाशंकर ने दम तोड़ दिया। चालक के पास मिले ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजातों के आधार पर गाजीपुर निवासी परिजनों को पुलिस ने सूचना दी। कैंट इंस्पेक्टर प्रभुकांत के अनुसार हृदयाघात से चालक की मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बढ़ रहे हैं हार्ट अटैक से मौत के मामले
देश में इन दिनों हार्ट अटैक से मौत होने के कई मामले सामने आ रहे हैं। किसी को गरबा करते हुए दिल का दौरा पड़ रहा है, तो कहीं रामलीला में हनुमान की भूमिका निभा रहा कलाकार हार्ट अटैक का शिकार हो जाता है। जिम में वर्कआउट के दौरान दिल का दौरा पड़ने या कार्डियक अरेस्ट के कई मामले सुनने को मिले है।
शुक्रवार को ही छोटे पर्दे के मशहूर अभिनेता सिद्धांत वीर सूर्यवंशी ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। वो जिम में वर्कआउट कर रहे थे, और अचानक बेहोश हो गए। थोड़ी देर बाद मौत हो गई। वहीं कुछ दिन पहले बीएचयू परिसर में योगा करने के दौरान छात्रा की मौत हो गई थी। हालांकि वो पहले से ही एक बीमारी से जूझ रही थी।