दीपावली: चांदी के सिक्कों से लेकर काजू कतली तक की मांग, 90 रुपये बिकी गेंदे की माला; 5000 करोड़ का कारोबार
दीपावली पर तीन दिनों में 25 हजार कुंतल मिठाइयों और 25 करोड़ रुपये के पटाखों की बिक्री हुई। बाजार में चांदी के सिक्कों से लेकर काजू कतली तक की भारी मांग रही। फूलों की दुकानों पर गेंदे की माला 90 रुपये तक बिकी। त्योहार के दौरान करीब 5000 करोड़ रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
विस्तार
दीपावली और धनतेरस पर जिले के कारोबारियों की चांदी रही। तीन दिनों में कुल 25 हजार कुंतल मिठाइयां बिकीं। लोगों ने अपने प्रियजनों के लिए मनपसंद मिठाइयों की खरीदारी की। तीन दिनों में कुल 25 करोड़ रुपये से अधिक के पटाखे बिके। कारोबारी संगठनों के मुताबिक, कुल 5000 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ।
धनतेरस से लेकर दीपावली की देर रात तक शहर के प्रमुख शोरूम और बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। रविवार को दीपावली के दिन शहर के कई शोरूम और मिठाइयों की दुकानों पर सुबह से ही खरीदारों की लंबी कतारें लगी रहीं। लोगों ने रिश्तेदारों, मित्रों और व्यावसायिक संपर्कों को उपहार स्वरूप भेंट करने के लिए काजू कतली, मोतीचूर के लड्डू, खोया मिठाइयों और ड्राई फ्रूट्स के विशेष पैकेटों की जमकर खरीदारी की। बसंत बहार के अधिष्ठाता शुभम यादव ने बताया कि मांग पूरी करने के लिए कई प्रतिष्ठानों पर देर रात तक मिठाइयों का निर्माण और पैकिंग का कार्य चलता रहा।
सराफा बाजार में भी त्योहार की विशेष चमक बिखरी रही
वाराणसी सराफा एसोसिएशन के महामंत्री रवि सराफ के मुताबिक, सोने और चांदी के आभूषणों के साथ-साथ चांदी के सिक्कों की अधिक मांग रही। पूजन और उपहार देने के उद्देश्य से लक्ष्मी-गणेश अंकित चांदी के सिक्कों की रिकॉर्ड बिक्री हुई। वहीं, शहर के कई शोरूमों, कॉर्पोरेट कार्यालयों और छोटी-बड़ी दुकानों पर विधिवत लक्ष्मी-गणेश का पूजन कर नए व्यापारिक वर्ष और बही-खातों की शुरुआत की गई। व्यापारियों ने सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। उदय बजाज ऑटो के डीलर यूआर सिंह ने बताया कि दीपावली पर दोपहर तक शोरूम से कारों की डिलीवरी होती रही।
ग्रीन क्रैकर्स, फुलझड़ी, अनार आकर्षण का केंद्र
इस बार पटाखों की कीमतों में दोगुनी बढ़ोतरी दर्ज की गई। 100 रुपये में मिलने वाला पटाखा 210 रुपये तक बिका। दूसरी ओर, पूजन और सजावट के लिए फूलों की भारी मांग के चलते कीमतों में अप्रत्याशित उछाल देखा गया। स्थानीय मंडियों और चौराहों पर माला-फूल सामान्य दिनों की तुलना में दोगुनी कीमत पर बिके। आम दिनों में 40 रुपये में मिलने वाली गेंदे के फूलों की सामान्य माला दीपावली के दिन 90 रुपये तक बिकी। इसके बावजूद घरों, दुकानों और वाहनों को सजाने के लिए लोगों ने ऊंचे दामों पर भी फूलों की जमकर खरीदारी की, जिससे फूल कारोबारियों को भी अच्छा लाभ हुआ।