UP News: प्रयागराज में तैनात जेई का डिमोशन, बनाया गया तकनीशियन, बिजली चोरी रोकने में लापरवाही पर कार्रवाई
बिजली चोरी रोकने में लापरवाही और राजस्व की हानि पहुंचाने के मामले में प्रयागराज के फाफामऊ में जूनियर इंजीनियर पद पर कार्यरत नीरज गुप्ता पर गाज गिर गई। उनका डिमोशन कर दिया गया।
विस्तार
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) के प्रबंध निदेशक ने प्रयागराज के फाफामऊ में तैनात जेई को पदावनति (डीमोट) कर दिया है। बिजली चोरी रोकने में लापरवाही और राजस्व की हानि पहुंचाने के मामले में जूनियर इंजीनियर नीरज गुप्ता को तकनीशियन पद पर डिमोट कर दिया है। इसके अलावा उनकी सभी सेवा को तकनीशियन के रूप में दर्ज कर दी गई है।
दरअसल, नीरज गुप्ता पर आरोप है कि 22 दिसंबर 2022 को ग्रेटर नोएडा के दनकौर उपकेंद्र पर तैनाती के दौरान उन्होंने बिजली चोरी रोकने में लापरवाही बरती। इस बात का खुलासा विभाग की ओर से बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए जांच अभियान के दौरान हुआ।
दो साल पहले जांच अभियान में पकड़ी गई थी बिजली चोरी
विभाग के एसडीओ ने 14 जनवरी और आठ अगस्त 2020 की दनकौर उपक्रेंद से संबंधित क्षेत्र में जांच अभियान में पोल से सीधी बिजली चोरी पकड़ी थी। इसके बाद मामले में जांच समिति गठित की गई थी। जांच में बिजली चोरी रोकने में लापरवाही, संवादहीनता के अलावा विभाग को राजस्व की हानि पहुंचाने और विभाग की छवि धूमिल करने का आरोप जांच समिति ने सही पाया।
मामले में जांच समिति ने दोषी पाए जाने पर जूनियर इंजीनियर नीरज कुमार गुप्ता पुत्र बिहारीलाल गुप्ता निवासी बुलंदशहर पर कार्रवाई की संस्तुति की थी। चोरी का यह मामला तब हुआ था, जब नीरज गुप्ता नोएडा में अवर अभियंता पद पर तैनात थे। फिलहाल वह प्रयागराज के फाफामऊ में जूनियर इंजीनियर पद पर कार्यरत हैं।
जेई का निलंबन वापस लेने की मांग
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निदेशक शंभू कुमार से विद्युत मजदूर संगठन एवं विद्युत संविदा मजदूर संगठन ने मुलाकात की। शुक्रवार को भिखारीपुर स्थित कार्यालय में इस दौरान पदाधिकारियों ने जेई का निलंबन वापस लेने की मांग की। साथ ही मामले में अधिशासी अभियंता और उपखंड अधिकारी को दोषी बताते हुए उन्हें निलंबित किए जाने की मांग की। चेताया कि निलंबन वापस नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन के लिए बाध्य होंगे।
पढ़ें: छत्तीसगढ़ में हत्या कर आभूषण लूटने वाले चार बदमाश बनारस में गिरफ्तार