{"_id":"6aec4ea15d1ca16e0e04798a","slug":"demand-from-saints-ban-serving-of-non-vegetarian-food-on-trains-originating-from-kashi-2026-11-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"संतों की मांग: काशी से चलने वाले ट्रेनों में मांसाहार परोसने पर लगे रोक, स्लीपर वंदे भारत में नॉनवेज पर आपत्ति","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
संतों की मांग: काशी से चलने वाले ट्रेनों में मांसाहार परोसने पर लगे रोक, स्लीपर वंदे भारत में नॉनवेज पर आपत्ति
Thu, 05 Nov 2026 03:08 PM IST
Pragati Chand
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
Published by: Pragati Chand
Updated Thu, 05 Nov 2026 03:08 PM IST
सार
संतों ने काशी से अन्य शहरों में जाने वाली ट्रेनों में मांसाहारी व्यंजनों को परोसने पर रोक लगाने की मांग की। दिगंबर जैन महासमिति के वाराणसी संभाग ने स्लीपर वंदे भारत में नॉनवेज परोसने पर आपत्ति जताई।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : Adobe Stock
विस्तार
संस्कृति संसद में संतों ने काशी से अन्य शहरों में जाने वाली ट्रेनों में मांसाहारी व्यंजनों को परोसने पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही उन्होंने हिंदू आचार संहिता लागू करने के प्रस्ताव लाए, विदेशों में रखे मनुस्मृति सहित अन्य ग्रंथों की पांडुलिपिंयों को लाने, पश्चिमीकरण से परंपराओं में हो रहे बदलाव को रोकने, गो रक्षा के लिए कानून बनाने, गो को राष्ट्र व राज्य माता घोषित करवाने आदि बिंदुओं पर चर्चा की।
विज्ञापन
स्लीपर वंदे भारत में नॉनवेज परोसने पर जताई आपत्ति
स्लीपर वंदे भारत ट्रेन में नॉनवेज भोजन परोसने को लेकर दिगंबर जैन महासमिति के वाराणसी संभाग ने विरोध जताया है। समिति ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री से ट्रेन में नॉनवेज भोजन परोसने पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि काशी जैन समाज के चार तीर्थंकरों की जन्मस्थली है। साथ ही जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की भी जन्मस्थली है। ऐसे पवित्र धार्मिक स्थल से देश की राजधानी दिल्ली के लिए चलने वाली स्लीपर वंदे भारत में चिकन और अन्य नॉनवेज भोजन परोसना उचित नहीं है। इस दौरान डॉ. केके जैन, राकेश जैन, उपाध्यक्ष प्रदीप चंद जैन, अनूप जैन, विनोद जैन और पदम जैन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। ब्यूरो
विज्ञापन
व्यापारियों ने स्लीपर वंदे भारत में चिकन परोसने का किया विरोध
काशी से देश की राजधानी दिल्ली के बीच शुरू हुई नई स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन का स्वागत करते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, काशी प्रांत ने ट्रेन में मांसाहारी भोजन (चिकन) परोसे जाने पर विरोध दर्ज कराया है। संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष राकेश जैन ने मंगलवार को रथयात्रा स्थित कार्यालय पर बैठक कर ट्रेन के कैटरिंग मेन्यू में नॉनवेज शामिल किए जाने पर आपत्ति जताते हुए इस पर अविलंब प्रतिबंध लगाने की मांग की।
विज्ञापन
राकेश जैन ने कहा कि काशी बाबा विश्वनाथ की अति पावन नगरी होने के साथ-साथ जैन धर्म के 23वें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ की जन्मस्थली भी है। इसके अलावा देश के प्रधानमंत्री भी पूर्णतः शाकाहारी हैं। ऐसे में इस अत्यंत पवित्र और आध्यात्मिक नगरी से संचालित होने वाली प्रीमियम स्लीपर ट्रेन में चिकन परोसना धार्मिक भावनाओं और नगर की सांस्कृतिक गरिमा के प्रतिकूल है।
उन्होंने यह भी बताया कि ट्रेन का नाम वंदे भारत है और भारत की मूल पहचान शुद्ध शाकाहार और अहिंसा के मूल्यों से जुड़ी है। इसी आधार पर संगठन ने केंद्र सरकार और रेल मंत्री से अपील की है कि धार्मिक व सांस्कृतिक मर्यादा का सम्मान करते हुए काशी-दिल्ली स्लीपर वंदे भारत में नॉनवेज की सप्लाई पर तत्काल रोक लगाई जाए। बैठक में संगठन के महामंत्री राम भारत ओझा, गौरव सोनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिनेश कुमार चौरसिया और राजेश बाजोरिया उपस्थित रहे।