UP News: बनारस से डिब्रूगढ़-गुवाहटी तक नई ट्रेन की मांग, शटल एक्सप्रेस को कानपुर तक विस्तार देने का सुझाव
Varanasi News: सांसदों और रेलवे अधिकारियों के साथ डीआरएम कार्यालय में बैठक हुई। इस दौरान 11 सांसद, 15 प्रतिनिधियों ने पूर्वाेत्तर रेलवे को नई ट्रेनें चलाने, ठहराव और ओवरब्रिज के प्रस्ताव दिए।
विस्तार
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में मंगलवार को सांसदों और रेलवे अधिकारियों के साथ लहरतारा स्थित डीआरएम कार्यालय में बैठक हुई। इसमें नई ट्रेनें चलाने, बंद ठहराव बहाल करने, रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास निर्माण व यात्री सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई अहम प्रस्ताव सामने आए। बैठक की अध्यक्षता छपरा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने की, जबकि पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सांसदों और उनके प्रतिनिधियों से सुझाव लिए।
सांसद राजीव प्रताप रूडी ने छपरा कचहरी स्टेशन पर कोरोना काल से बंद मौर्य एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस और लिच्छवी एक्सप्रेस के ठहराव को पुनः बहाल करने साथ ही कामायनी एक्सप्रेस एवं बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन को छपरा तक विस्तारित करने और छपरा, सिवान एवं बलिया से पटना के लिए डीएमयू/मेमू सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने प्रयागराज एक्सप्रेस और लखनऊ एक्सप्रेस की तर्ज पर बनारस से चलने वाली शिवगंगा एक्सप्रेस और बनारस-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन के प्रस्थान के समय वातानुकूलित प्रथम श्रेणी में बेड रोल लगाकर रखे जाने का प्रस्ताव दिया।
उन्होंने वरुणा एक्सप्रेस की तर्ज पर उसके स्थान पर संचालित शटल एक्सप्रेस को कानपुर तक विस्तार देने का सुझाव दिया। इसके साथ ही उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सेनेटरी नैपकिन की उपलब्धता के लिए डिस्पेंसर मशीनों के प्रावधान पर रेलवे की नीति निर्माण पर बल दिया और उसके लागू होने तक ट्रेनों में वेंडरों की ओर से सेनेटरी नैपकिन विक्रय कराने का प्रस्ताव दिया। राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने नियमित अंतराल पर बनारस-वाराणसी जं-वाराणसी सिटी के मध्य लोकल ट्रेन या रेल बस चलाने का प्रस्ताव दिया।
गाजीपुर के सांसद अफजल अंसारी ने गाजीपुर घाट-शाहबाजकुली के मध्य ग्राम-सादिकपुर, लखीमपुर में एनएच-31 पर स्थित रेलवे क्राॅसिंग पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाने, गाजीपुर सिटी-नंदगंज के बीच महाराजगंज रेलवे क्रासिगपर, युसुफपुर के पूर्वी छोर के रेलवे क्राॅसिंग पर व गाजीपुर सिटी के पश्चिम फुल्लानपुर रेलवे क्राॅसिंग्स पर रेल ओवरब्रिज बनाने का प्रस्ताव दिया। आठ शहीदों के बलिदान देने वाले युसुफपुर रेलवे स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन पुनर्विकास योजना में शामिल कर विकसित करने और युसुफपुर स्टेशन पर कोरोना काल से बंद स्वतंत्रता सेनानी के ठहराव बहाल करने का प्रस्ताव दिया।
चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने बनारस से डिब्रूगढ़ वाया न्यू जलपाईगुड़ी और गुवाहाटी के लिए नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव दिया। उन्होंने सारनाथ-कादीपुर स्टेशनों के मध्य चिरईगांव में रेलवे क्रॉसिंग सं-13 सी पर, बंद किए जा चुके रेलवे क्रासिंग 18 सी एवं कादीपुर-राजवारी के मध्य किमी 181/40-41 पर चंद्रवती रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास बनाने का प्रस्ताव दिया।
जौनपुर के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा ने कोरोना के समय से बंद ट्रेनों और उनके ठहराव को पुनः बहाल करने का आग्रह किया। उन्होंने जौनपुर सिटी स्टेशन पर हरिहरनाथ एक्सप्रेस, ओखा एक्सप्रेस समेत विभिन्न लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनों को ठहराव देने का प्रस्ताव दिया।
बलिया से राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने युसुफपुर रेलवे स्टेशन पर स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के ठहराव दिए जाने का सुझाव दिया। बलिया रेलवे स्टेशन पर एक स्टेशन एक उत्पाद के रूप में सत्तू का स्टॉल संचालित करने का सुझाव दिया। गाजीपुर की राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने जखनिया रेलवे स्टेशन पर मऊ-आनंद विहार एक्सप्रेस के ठहराव, जखनिया के प्लेटफॉर्म सं-2 के पुनर्निर्माण, प्लेटफॉर्म सं-1 एवं 2 पर पीपी शेल्टर के प्रावधान करने, जखनिया स्टेशन के रेलवे क्रॉसिंग पर अंडर पास बनाने, स्टेशन रोड को दुरुस्त कराने और स्टेशन पर दिव्यांग जनसुविधाओं के विस्तार का सुझाव दिया।
घोसी के सांसद राजीव राय ने इंदारा-दोहरीघाट रेल खंड पर कोपागंज के भदसामानोपुर ग्राम में लाइन के पूर्व तरफ सर्विस लेन बनवाने, इंदारा-बलिया रेल खंड पर रेलवे फाटक सं-30 के स्थान पर रेल अंडरब्रिज बनाने, मऊ-शाहगंज रेल खण्ड पर तालीमुद्दीन इंटर कॉलेज के पास रेलवे अंडरपास तथा इंदारा-बलिया रेल खंड के मध्य किमी-17, 12 एवं 13 पर स्थित समपारों पर अंडर पास बनाने का सुझाव दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने मऊ स्टेशन पर निर्माणाधीन फुट ओवर ब्रिज को प्लेटफाॅर्म सं-1 से सईद रोड तक विस्तारित कराने का सुझाव दिया।