वाराणसी में मिली दंपती की लाश: मानसरोवर घाट पर पहुंची पुलिस, सुसाइड की आशंका; दक्षिण भारत से आए थे काशी
दंपती की लाश मिलने की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाने की पुलिस पहुंच गई। आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
विस्तार
Varanasi News: भेलूपुर थाना क्षेत्र के मानसरोवर घाट पर गुरुवार की रात दक्षिण भारत के बुजुर्ग दंपती का शव मिला। पास में ही पानी की बोतल बरामद हुई। आशंका है कि दोनों ने सुसाइड किया है। मोबाइल के काल खंगालने पर छानबीन में सामने आया कि दंपती ने अपने पोते को कॉल की थी और फिर तुरंत पोते की भी काल आई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
भेलूपुर पुलिस के अनुसार आंध्र प्रदेश के गोदावरी एपी वेस्ट निवासी वी. गंगाराव (65) और पत्नी वी. अप्पा अम्मा (60) के रूप में दंपती की पहचान हुई है। यहां पर वह तेलगू आश्रम में ठहरे हुए थे, पुलिस की एक टीम आश्रम भी पहुंची है, जहां पर मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पोते को सूचना दी गई है। भेलूपुर थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सिक्योरिटी गार्ड बनाने के लिए दो हजार लिए, वापस कराया
सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर दो हजार रुपये लेने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने पैसा वापस करा दिया। शिवपुर निवासी सुरेंद्र सिंह ने मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर बताया कि चोलापुर निवासी कैलाश यादव ने एक कंपनी में सिक्याेरिटी गार्ड की नौकरी लगवाने के नाम पर दो हजार रुपये ले लिए। इसके बाद उसे एक फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया। मड़ौली चौकी इंचार्ज राहुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को बुलवाया और पीड़ित के पैसे वापस करवाए दिए।
नाबालिग को अगवा करने वाला आरोपी गिरफ्तार
मंडुवाडीह क्षेत्र में नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अगवा करने वाले आरोपी सोनू गोस्वामी को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी। लहरतारा चौकी प्रभारी अमरजीत कुमार मौर्य ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर चांदपुर से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।