वाराणसी के होटल में फटा गैस सिलेंडर, हादसे में चार लोग घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में लगातार दूसरे दिन भी सिलेंडर फटने की घटना सामने आई है। जहां एक तरफ रविवार की शाम को मंडुवाडीह थाना के शिवदासपुर बिंद बस्ती में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करते समय अचानक आग लग गई। आग लगने से छोटे-बड़े गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ था। वहीं, सोमवार सुबह भेलूपुर थाना क्षेत्र के भदैनी के एक होटल में भी सिलेंडर फट गया और दो लोग घायल हो गए।
वाराणसी के भदैनी स्थित यूडी अस्सी इन होटल की चौथी मंजिल पर स्थित किचन में सुबह साढ़े आठ बजे गैस सिलेंडर अचानक फट गया। गैस सिलिंडर फटने से वहां लगी लोहे की तीन-चार ग्रील और आधी दीवार उड़ गई। इसमें लगभग चार राहगीरों को मामूली चोटें आईं। एक घायल व्यक्ति को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया।
सिलेंडर फटने से चौथी मंजिल की पूरी दीवार व उसकी ग्रिल गिरकर सड़क पर आ गयी। जबकि तीसरे मंजिल के एक कमरे की आलमारी और दूसरे मंजिल का टिन शेड क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना पाकर क्षेत्रीय विधायक सौरभ श्रीवास्तव भी पहुंच गए। चौकी प्रभारी मुकेश तिवारी ने वहां पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार भदैनी में होटल बिहार के उपेंद्र सिंह के बेटे उड्डयन सिंह चलाते हैं। तीन मंजिल को रिहायशी फ्लैट के रूप में उपेन्द्र सिंह ने बेच दिया है। वहां रहने वालों के अनुसार चौथी-पांचवी मंजिल का नक्शा भी वीडीए से पास नहीं कराया गया है। यह होटल अवैध रूप से चलाया जा रहा है। रिहायशी फ्लैट में जाने के लिए सीढ़ी तो बनाई गई है, लेकिन होटल में जाने के लिए कोई सीढ़ी नहीं है। चर्चा के अनुसार फायर ब्रिगेड से एनओसी 2015-16 में ही ली गयी है।
अवैध गैस रिफिलिंग से आग लगी, फटे सिलिंडर
वाराणसी के मंडुवाडीह थाना के शिवदासपुर बिंद बस्ती में रविवार की शाम अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करते समय अचानक आग लग गई। आग लगने से छोटे-बड़े गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ ब्लास्ट कर गए और दुकान छोड़ कर दुकानदार लालचंद बिंद भाग निकला। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने अग्निशमन विभाग को फोन किया तो दमकल की दो गाड़ियां आईं।
तकरीबन आधा घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान बस्ती में अफरातफरी का माहौल रहा और दुकान के आसपास रहने वाले अपने घरों को खाली कर सड़क पर आ गए थे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि 100 नंबर और अग्निशमन विभाग को कॉल की गई लेकिन फोन नहीं उठा।
गैस सिलिंडर में लीकेज से लगी आग, गृहस्थी का सामान जला
जिले के जैतपुरा थाना अंतर्गत पक्केमहाल सरैया में किराये पर रहने वाले मो. पेशकार के घर में रविवार को खाना बनाते समय गैस सिलिंडर में लीकेज के कारण आग लग गई। सूचना पाकर दमकल की गाड़ी आई लेकिन मकान संकरी गली में होने के कारण पानी की पाइप नहीं पहुंच सकी। अंतत: पुलिस और मुहल्ले के लोगों ने बालू और पानी से किसी तरह से आग पर काबू पाया।
मो. पेशकार के अनुसार आग लगने से 35 हजार रुपये और गृहस्थी का सारा सामान जल कर राख हो गया। रिक्शा ट्रॉली चालक मो. पेशकार ने बताया कि उसकी पत्नी सलमा गैस चूल्हेे पर खाना बना रही थी। सिलिंडर में लीकेज होने के कारण अचानक आग लग गई।