जौनपुर में जड़ें जमा रहे गुजरात व पड़ोसी जिले के माफिया, कई आपराधिक वारदातों में सामने आया नाम
पड़ोसी जिलों में सक्रिय माफिया और बदमाशों ने अब जौनपुर में भी जड़ें जमाने शुरू कर दी हैं। यहां के कारोबारी और बैंक उनके निशाने पर हैं। हाल में दिनों हुई लूट-डकैती सहित अन्य आपराधिक वारदातों में पुलिस की तफ्तीश और गिरफ्तार बदमाशों में ज्यादातर पड़ोसी जिलों के ही हैं।
अपने जिले में खुद पर शिकंजा कसता देख वह नए ठिकाने की तलाश में जौनपुर की ओर बढ़ रहे हैं। यहां बदमाशों के पुराने रिकार्ड के अभाव और पुलिस की सुस्ती उनके लिए मुफीद साबित हो रही है।
पिछले तीन माह में जिले में तेजी से बढ़ी वारदातों की तह में जाएं तो उन्हें अंजाम देने वालों में बाहरी बदमाशों का नाम ही प्रमुखता से सामने आया है।
ये बदमाश रेकी के लिए स्थानीय लोगों की मदद लेते हैं और फिर अनुकूल समय देख योजना बनाकर वारदात को अंजाम देते हैं। स्थानीय रिकार्ड में उनका कोई उल्लेख न होने से जौनपुर पुलिस उन तक नहीं पहुंच पा रही है और जब तक वह उन्हें चिह्नित कर पा रही है, बदमाश सुरक्षित ठिकानों में पहुंचने में कामयाब रहते हैं।
यही कारण है कि ताबड़तोड़ घटनाओं के बाद भी जिले की पुलिस के हाथ कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लगी है। महालक्ष्मी ज्वेलर्स में हुई डकैती की वारदात को छोड़ दें तो अन्य मामलों में पुलिस सिर्फ लकीर पीटती ही नजर आ रही है।
केस एक
पांच दिसंबर को चंदवक थाना क्षेत्र के कृष्णानगर बाजार में यूबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र में घुसकर बदमाशों ने केंद्र संचालक के भतीजे अखिलेश यादव को गोली मार दी। भाग रहे बाइक सवार बदमाशों का पीछा करते हुए ग्रामीणों ने दो बदमाशों को पकड़ लिया।
पकड़े गए बदमाशों में वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के हरसोस निवासी राजन राजभर, मड़ियाहूं के जयरामपुर निवासी अरविंद राजभर शामिल हैं। वहीं नदी में तैरकर फरार बदमाश की पहचान वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के मुर्दहा गांव निवासी कुंदन यादव के रुप में हुई है।
केस दो
21 नवंबर की रात मऊ के चिरैयाकोट थाने में गिरफ्तार वाराणसी के जंसा थाना क्षेत्र के बदमाशों ने 31 अक्तूबर की रात जौनपुर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स शोरूम में डकैती में शामिल होने की बात कबूल की है। चिरैयाकोट पुलिस ने जिन तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है, उनमें मऊ निवासी राहुल राजभर, डोमनपुर भदोही निवासी प्रदीप यादव और खेमापुर जंसा वाराणसी निवासी रमेश यादव शामिल था।
केस तीन
सात दिसंबर की रात बरसठी थाना क्षेत्र के बसहरा गांव में स्थित ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को गोली मारकर 50 हजार रुपये लूट की घटना में गिरफ्तार बदमाश नितिन राणा गुजरात के अंकलेश्वर का रहने वाला है। उसके दो साथी स्थानीय थे, जो घटनास्थल से फरार हो गए थे।
बैंक लूट समेत कई घटनाओं के खुलासे का इंतजार
जिले में लूट और चोरी की कई घटनाओं में अभी लोगों को खुलासे का इंतजार है। 16 नवंबर को एक्सिस बैंक की मछलीशहर शाखा से बदमाशों ने असलहे के बल पर 14.95 लाख रुपये लूट लिए थे। पुलिस अभी तक बैंक लूट के मामलों में बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है।
16 नवंबर की रात में ही मछलीशहर कस्बे में स्थित सोलर पैनल, बैट्री की दूकान से आठ लाख से अधिक का माल बदमाशों ने पार कर दिया था। उस घटना का भी अभी खुलासा नहीं हो सका है। इसी रात में बदलापुर थाने से महज दो सौ मीटर दूरी पर ज्वेलरी की दुकान से भी लाखों की चोरी हुई थी।
नेवढिय़ा थाना क्षेत्र के इटाए बाजार में स्थित प्रधान आभूषण केंद्र से ताला तोड़कर नकदी समेत 13 लाख का माल चोरों ने पार कर दिया था। इसका खुलासा नहीं हो सका। जफराबाद थाना क्षेत्र के नत्थनपुर बाजार में दो अक्तूबर की रात ज्वेलरी की दूकान में घुसे लुटेरों ने पड़ोस के किराना व्यवसायी रमाशंकर गुप्ता को गोली मारकर हत्या कर दी थी।
वाराणसी समेत आजमगढ़ और आसपास के जिलों के बदमाशों के गिरोह के सक्रिय होने का इनपुट पुलिस को मिला है। घटनाओं में शामिल कुछ बदमाशों को जेल भी भेजा जा चुका है। जो बदमाश अभी फरार चल रहे हैं पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए भी लगातार काम कर रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डॉ.अनिल पांडेय, एएसपी सिटी।