एक लाख के इनामी बदमाश झुन्ना पंडित और पुलिस का लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी आमना-सामना हुआ। वाराणसी के सिंहपुर में रिंग रोड पर हुई मुठभेड़ में पुलिस की गोली से घायल 25 हजार के इनामी बदमाश टुनटुन पटेल को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका सरगना झुन्ना एक बार फिर भागने में सफल रहा। हासिमपुर निवासी टुनटुन के पास से .32 बोर की देसी पिस्टल, चार कारतूस और दिव्यांग चाय-पान विक्रेता दिलीप पटेल की हत्या में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
टुनटुन पर आरोप है कि दिव्यांग दिलीप की हत्या के दौरान वह घटनास्थल पर मौजूद था। वारदात के बाद झुन्ना और रवि को बाइक पर बैठा कर टुनटुन मढ़वा गांव से रिंग रोड की ओर भागा था। इसके अलावा टुनटुन सथवा के पूर्व प्रधान राजेश पटेल के अपहरण और दिलीप के घर जाकर उसके भाई प्रदीप को धमकाने के मामले में भी वांछित था।
ऐढ़े गांव में रिंग रोड के समीप गुरुवार की रात मुठभेड़ में इनामी बदमाश दीपक राजभर और शैलेश पटेल को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान झुन्ना और टुनटुन भाग निकले थे। क्राइम ब्रांच प्रभारी विक्रम सिंह, कैंट इंस्पेक्टर अश्वनी चतुर्वेदी और सारनाथ इंस्पेक्टर विजय बहादुर सिंह दोनों बदमाशों की तलाश कर रहे थे।
कैंट और सारनाथ क्षेत्र में पुलिस की तलाशी अभियान के बावजूद शुक्रवार रात नौ बजे के लगभग झुन्ना अपने गुर्गे टुनटुन के साथ चोलापुर क्षेत्र से संदहा की ओर जा रहा था। पुलिस को देख टुनटुन ने बाइक की स्पीड बढ़ाई तो पीछा कर उसकी घेरेबंदी की गई। इस पर टुनटुन और झुन्ना ने फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से तकरीबन 16 राउंड फायरिंग में टुनटुन के दाएं पैर में गोली लगी और झुन्ना फिर भाग निकला। टुनटुन को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झुन्ना की तलाश में देर रात तक संदहा और आसपास के गांवों में पुलिस टीमों की कांबिंग जारी रही।
झुन्ना और उसके गिरोह के पांच इनामी बदमाशों की तलाश जारी :
मुठभेड़ की सूचना पाकर एसपी क्राइम ज्ञानेंद्र और एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह के साथ एसएसपी घटनास्थल पर पहुंचे। एसएसपी आनंद कुलकर्णी ने बताया कि झुन्ना और उसके गिरोह के आठ बदमाशों पर इनाम घोषित किया गया था। इनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। एक लाख के इनामी बदमाश झुन्ना के अलावा रवि पटेल पर 50 हजार और रमेश पटेल, अजीत पटेल, संजय पटेल व दीपू पटेल पर 25-25 हजार का इनाम घोषित है।