Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   DMK recreates scene from Theri hanging effigy TVK MLA from bridge what they demand from Tamilnadu government

डीएमके ने दोहराया फिल्म 'थेरी' का सीन: पुल से लटकाया टीवीके विधायक का पुतला; उदयनिधि ने की सीबीआई जांच की मां

Thu, 26 Nov 2026 11:07 AM IST
प्रशांत तिवारी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली। Published by: प्रशांत तिवारी Updated Thu, 26 Nov 2026 11:07 AM IST
सार

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में महिला कलेक्टर को कथित आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में विधायक विग्नेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने विजय की फिल्म ‘थेरी’ का दृश्य दोहराते हुए पुल से पुतला लटकाकर विरोध जताया। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लिया है। वहीं, उदयनिधि स्टालिन ने विधायक की गिरफ्तारी, सीबीआई जांच और शिकायतकर्ता को सुरक्षा देने की मांग की है। विधायक ने आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है।

विज्ञापन
DMK recreates scene from Theri hanging effigy TVK MLA from bridge what they demand from Tamilnadu government
पुल से लटकाया विधायक का पुतला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में एक महिला अधिकारी से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में प्रदर्शनकारियों ने अनोखे अंदाज में विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने अभिनेता और नेता विजय की फिल्म ‘थेरी’ के एक दृश्य को दोहराते हुए पुल से एक पुतला लटका दिया। फिल्म के इस दृश्य में एक आरोपी को पुल से लटकते दिखाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कल्लाकुरिची के विधायक विग्नेश की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतले को हटवा दिया।

विज्ञापन


कलेक्टर से अभद्र मैसेज भेजने का आरोप
विधायक विग्नेश पर जिले की कलेक्टर को कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप है। कलेक्टर की शिकायत पर 24 नवंबर को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने पुलिस अधीक्षक आई. शनाज को दी शिकायत में आरोप लगाया कि विधायक ने उनसे बातचीत के दौरान यौन संकेतों वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। हालांकि, विग्नेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
विज्ञापन


इन धाराओं में दर्ज हुआ केस
पुलिस ने विधायक के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। इनमें यौन उत्पीड़न, पीछा करने और सरकारी कर्मचारी पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग जैसे आरोप शामिल हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन


जुलाई से शिकायत करने की बात आ रही सामने
इस मामले में यह भी सामने आया है कि महिला अधिकारी ने काफी पहले वरिष्ठ अधिकारियों को विधायक के व्यवहार की जानकारी दी थी। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने 31 जुलाई को मुख्य सचिव एम. साई कुमार को इस बारे में बताया था। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। बाद में 23 नवंबर को उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी।

महिला आयोग ने भी लिया मामले का संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग ने 15 नवंबर को ही इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के डीजीपी से निष्पक्ष जांच कराने को कहा था। इससे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने कहा था कि केवल मीडिया में आई खबरों के आधार पर अदालत कार्रवाई नहीं कर सकती। इसके लिए पीड़ित अधिकारी की शिकायत जरूरी है।

उदयनिधि स्टालिन ने डीजीपी से की बड़ी मांग
नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने मामले में TVK विधायक अरुल विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की भी मांग की। स्टालिन ने कहा कि विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत बुधवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) को दी गई थी। उन्हें उम्मीद थी कि शिकायत मिलने के बाद मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कार्रवाई करेंगे, लेकिन सरकार ने कार्रवाई करने के बजाय मीडिया को दिए गए उनके इंटरव्यू को हटाने के लिए अदालत का रुख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय सरकार के सत्ता में आने के छह महीने के भीतर TVK नेताओं से जुड़े यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई। स्टालिन ने कहा कि मुख्यमंत्री की निष्क्रियता से राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही है। उन्होंने मांग की कि महिला IAS अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में विधायक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और निष्पक्ष जांच के लिए केस CBI को सौंपा जाए।

ये भी पढ़ें: मुंबई हमला: '18 साल हो गए, आज भी सो नहीं पाता', चश्मदीद ने सुनाई आपबीती; क्या हुआ था उस दिन?

मुख्य सचिव की भूमिका की जांच की मांग
उदयनिधि ने मुख्य सचिव पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें शिकायत मिलने के बाद कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने इस पूरे मामले में मुख्य सचिव की भूमिका की जांच कराने और शिकायतकर्ता महिला अधिकारी को सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस ने जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम नियुक्त की है। फिलहाल विधायक पर लगे आरोप साबित नहीं हुए हैं और मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed