कोरोना से जंग: सोनभद्र में महिला प्रधान का सराहनीय कदम, इस तरह से कोरोना जंग में लोगों की कर रहीं मदद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में हर कोई आगे आ रहा है। अपने स्तर से लोग सरकार का साथ दे रहे हैं। सोनभद्र जिले में एक गांव की महिला प्रधान ने भी कुछ ही ऐसा कदम उठाया है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।
वैश्विक महामारी कोरोना के संकट काल में बभनी ब्लॉक के संवरा गांव की ग्राम प्रधान सुमन दुबे का प्रयास दक्षिणांचल की अनेक महिलाओं व स्वयं सेवी संस्थाओं के लिए नजीर बन गया है। कोरोना महामारी के संकट से जूझ रहे लोगों को मास्क की समस्या महसूस हुई तो घर में खराब पड़ी सिलाई मशीन को ठीक कराकर फेस मास्क बनाने में लग गईं।
सुमन के अनुसार ग्राम प्रधान के साथ एक गृहणी होने के नाते परिवार के लोगों का सारा काम निपटाकर रात को सिलाई मशीन पर बैठ कर दर्जनों फेस मास्क बनाने लगीं। सुबह होते ही घर के कार्यों से खाली हो कर अपने गांव में जरूरतमंदों को भोजन के अलावा फेस मास्क भी बांटने लगीं।
अब यह कार्य धीरे-धीरे उनकी दिनचर्या में शामिल होता जा रहा है। इस कार्य की जब सराहना होने लगी तो हौसला बढ़ने लगा। अब रात में बैठ कर मास्क बनाती हैं और दिन में जरूरतमंदों में इसे वितरित करती हैं। अब तक एक हजार से अधिक मास्क बनाकर अपने गांव सहित पास पड़ोस के गांवों के लोगों में वितरित कर चुकी हैं।
पिछले दिनों जिला पंचायत राज अधिकारी आरके भारती ने भी गांव पहुंच कर सुमन के बनाए फेस मास्क को लोगों में बांटते हुए प्रशंसा की थी। वर्तमान में आसपास के कुछ अन्य गांवों में भी महिलाएं व स्वयं सेवी संस्थाएं सुमन की राह पर चल कर मास्क बनाने में लगी हुई हैं। सुमन के अनुसार इसकी प्रेरणा उनके पति संतोष कुमार दुबे से मिली है।