क्वारंटीन सेंटर में दम तोड़ने वाले मजदूर की 30 घंटे बाद आई रिपोर्ट, निकला कोरोना पॉजीटिव
जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर के क्वारंटीन सेंटर में शुक्रवार की सुबह दम तोड़ने वाले मजदूर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अब उसके शव का अंतिम संस्कार स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार होगा। सार्वजनिक इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रखे सभी मजदूरों को पास के दूसरे स्कूल में शिफ्ट कर दिया गया है।
जफराबाद थाना क्षेत्र के नाथूपुर गांव निवासी प्रदीप गौतम(34) मुंबई के लोअर परेल इलाके में रहकर कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था। फैक्ट्री बंद होने के बाद 14 मई को श्रमिक स्पेशल ट्रेन से प्रयागराज आया। वहां से रोडवेज बस में जौनपुर आते समय तबीयत खराब होने पर उसे बार्डर पर मुंगराबादशाहपुर के सार्वजनिक इंटर कॉलेज में बने क्वारंटीन सेंटर में रोक दिया गया था।
तेज बुखार के बाद शुक्रवार की सुबह उसकी सांस फूलने लगी। डॉक्टरों के पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई थी। लक्षणों के आधार पर कोरोना का संदेह जताते हुए उसका सैंपल लेकर जांच को भेजा गया था। शव को क्वारंटीन सेंटर में ही एक कमरे में सुरक्षित रख दिया गया था।
शनिवार की दोपहर में उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई। एसडीएम अमिताभ यादव ने बताया कि मजदूर में कोरोना के संक्रमण की पुष्टि हुई है। लिहाजा शव परिजनों को सौंपने की बजाए स्वास्थ्य विभाग अपनी देखरेख में तय मानक के अनुरुप अंतिम संस्कार कराएगा। इस क्वारंटीन सेंटर में रखे गए अन्य सभी लोगों को बगल के हिंदू इंटर कॉलेज में शिफ्ट कर दिया गया है। मृतक के संपर्क में आए अन्य लोगों की भी सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।