पूर्वांचल में 10 जमातियों समेत कोरोना वायरस के मिले 14 पॉजिटिव, आज-कल में सामने आए 8 नए मामले
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पूर्वांचल में कोरोना वायरस के अब तक 14 मामले सामने आ चुके हैं। मिर्जापुर में आज दो मामले सामने आए। शुक्रवार को वाराणसी में तीन नए मामले सामने आए और आजमगढ़ में भी तीन नए कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिले हैं। वहीं वाराणसी और जौनपुर में मिले पहले दो मरीजों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
वाराणसी में कोरोना संक्रमित मिले दो लोग निजामुद्दीन मरकज के तब्लीगी जमात में शामिल होकर आए थे, तो वहीं आजमगढ़ के तीनों कोरोना संक्रमित मरीज भी मरकज में शामिल हुए थे। पूर्वांचल में गुरुवार को भी तीन जमाती कोरोना संक्रमित मिले थे। इनमें दो जौनपुर और एक गाजीपुर में 14 मार्च से ठहरे थे। इससे पहले जौनपुर में एक और दो वाराणसी में पॉजिटिव मिले थे। इस तरह पूर्वांचल में कोरोना संक्रमितों की संख्या 14 हो गई है।
वाराणसी के तीन मरीजों में से दो लोग लोहता और मदनपुरा इलाके के रहने वाले हैं। तीसरा जमाती हैदराबाद का रहने वाला है। वह जमात से लौटकर मिर्जापुर होते हुए वाराणसी आया है। आजमगढ़ में मेडिकल कॉलेज में भर्ती 16 जमातियों में से तीन कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें एक तेलंगाना, एक आंध्रप्रदेश व एक गाजियाबाद का निवासी है। ये सभी निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर यहां पहुंचे थे। अन्य 13 की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
वाराणसी में कोरोना पॉजिटिव पाए गए दो जमाती दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। दूसरा जमाती मदनपुरा इलाके का है। लोहता के युवक को शनिवार को बीएचयू से दीनदयाल अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा। बाहर से आया यह युवक खुद ही जांच कराने पहुंचा था।
जिलाधिकारी कौशलराज शर्मा ने बताया कि तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव है। तब्लीगी जमात से लौटे 10 और लोगों का सैंपल भेजा गया है, रिपोर्ट शनिवार को आएगी। बुधवार को आजमगढ़ के मुबारकपुर स्थित मदरसे से निजामुद्दीन मरकज में शामिल होकर आए सात लोग मिले थे। सभी विभिन्न प्रदेशों के थे।
आठ स्थानीय लोग भी अलग-अलग जगहों से पकड़े गए थे, जो मरकज में शामिल होकर लौटे थे। मरकज से लौटकर आया एक व्यक्ति सरायमीर के खासडीह में भी मिला था। सभी को राजकीय मेडिकल कालेज, चक्रपानपुर के क्वारंटीन सेंटर में रखा गया था। इनके सैपल केजीएमयू, लखनऊ भेजे गए थे। सीएमओ डॉ. एके मिश्रा के मुताबिक सभी 16 लोगों की रिपोर्ट शुक्रवार को आ गई। तीन जमाती कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
वाराणसी, जौनपुर निवासी युवक की रिपोर्ट निगेटिव
गुरुवार को गाजीपुर में एक और जौनपुर में दो जमाती कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इनका इलाज चल रहा है। वाराणसी में विदेश से लौटे दो युवक पॉजिटिव पाए जाने के बाद पहले ही अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं। इनमें से फूलपुर निवासी युवक की चौथी और पांचवीं रिपोर्ट निगेटिव आई है। उसकी हालत अब ठीक है। विदेश से लौटे जौनपुर निवासी संक्रमित युवक की भी दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है।
जौनपुर जिले के पहले कोरोना पीड़ित शहर के फिरोसेपुर निवासी युवक की कोरोना की दूसरी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। फिलहाल उसका जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में इलाज चल रहा है। अफसरों के मुताबिक युवक की हालत में काफी सुधार है। उसकी अभी एक अन्य जांच कराई जाएगी। इसके बाद ही उसे डिस्चार्ज करने पर फैसला होगा।