COVID19: वाराणसी में फिर मिले दो पुलिसकर्मी कोरोना पॉजिटिव, जिले में 60 हुई मरीजों की संख्या
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वाराणसी में लगातार कोरोना वायरस संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। गुरुवार दोपहर में दो नए मरीज मिले हैं, इसके पहले सुबह में भी छह नए कोरोना के मरीज मिले थे। अब जिले में मरीजों की संख्या 60 हो गई है। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
सुबह में नगर निगम पुलिस चौकी पर तैनात एक पुलिसकर्मी समेत छह लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई थी। आईएमएस बीएचयू से इनकी रिपोर्ट आने के बाद सभी को दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब दोपहर में दो और कोरोना पॉजिटिव के मामले सामने आ गए हैं। दोनों मरीज सिगरा थाना के पुलिसकर्मी हैं। एक पुलिसकर्मी थाने और दूसरा नगर निगम चौकी पर तैनात है। इनकी स्क्रीनिंग तीन दिन पहले हुई थी। कोरोना लक्षण दिखते ही इनका सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा था। आज रिपोर्ट में दोनों पॉजिटिव पाए गए हैं।
सुबह को जिन 6 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है, उसमें जैतपुरा निवासी 50 वर्षीय पावर लूम ऑपरेटर, सिगरा थाने का पुलिसकर्मी और सीएचसी शिवपुर में कार्यरत 50 वर्षीय वार्ड बॉय, दवा कारोबारी के वहां काम करने वाला सूजाबाद निवासी कर्मचारी(24), पुलिसकर्मियों के संपर्क में आने वाले सिगरा के चंदुआ छितुपुर निवासी 40 वर्षीय डाक कर्मचारी और गोसाईपुर मोहाव के रहने वाला 20 वर्षीय ट्रक चालक संक्रमित मिला है।
जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि मरीजों को दीनदयाल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराने की तैयारी चल रही है। साथ ही कुछ और जगहों पर हॉटस्पॉट भी जल्द ही बनाए जा सकते हैं।
वाराणसी में अब तक ये इलाके हॉटस्पॉट बनाए जा चुके हैं। जिनमें मदनपुरा, लोहता, गंगापुर, बजरडीहा, नक्खीघाट, पितरकुंडा, मढौली, सप्तसागर, मुकीमगंज, काशीपुरा, रेवड़ी तालाब, काजीपुरा खुर्द, संजय नगर पहड़िया क्षेत्र शामिल हैं।
30 दिन में 58 मामलों ने बढ़ाई चिंता
जिले में एक के बाद एक कोरोना मरीजों के बढ़ने से संख्या 60 तक पहुंच गई है। आंकड़ों की बात करें तो 21 मार्च को पहला और 28 मार्च को दूसरा संक्रमित मिला। इसके बाद सभी 58 मामले अप्रैल में ही मिले हैं। पिछले 7 दिनों की बात की जाए तो 41 मरीज मिल चुके हैं।
इसमें छह डिस्चार्ज होकर घर चले गए हैं, दो की रिपोर्ट निगेटिव होने के बाद उन्हें मेडिकल क्वारंटीन किया गया है। जबकि गंगापुर में एक मरीज की मौत के बाद कोरोना की पुष्टि हुई थी। 49 का इलाज आइसोलेशन वार्ड में चल रहा है। इन दोनों मरीजों को भी आइसोलेशन में भर्ती कराया जा रहा है।