Corona In Varanasi: जनसंख्या 40 लाख, जांच हो गई 42 लाख की, फिर भी कोरोना पर ब्रेक नहीं
यूपी के अन्य जिलों के साथ ही वाराणसी में भी कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। सबसे चिंताजनक स्थिति है कि कोरोना से हो रही मौतों की संख्या। अब तक 103 लोगों की मौत हो चुकी है। वाराणसी में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण को लेकर जहां सजगता,सतर्कता बरतने को कहा जा रहा है वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से सर्विलांस अभियान में किए गए सर्वे सवाल खड़ा होने लगा है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से 13 अगस्त को जारी रिपोर्ट के मुताबिक चल रहे सर्विलांस अभियान में अब तक 42 लाख से अधिक लोगों का सर्वे करने का जिक्र किया गया है, जबकि वाराणसी की कुल जनसख्या ही 40 लाख बताई जाती है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी एक रिपोर्ट में बताया गया है कि अभियान के तहत अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में लक्षणयुक्त पाए गए व्यक्तियों की संख्या 2,716 है।
इस दौरान 6,36,637 आवासों में 32.22 लाख (32,22,599) का सर्वे हुआ। शहरी क्षेत्रों में लक्षणयुक्त पाये गए व्यक्तियों की संख्या 1,631 है और इस दौरान सर्वेक्षित किए गए व्यक्तियों की संख्या 10.25 लाख (10,25,283) और भ्रमण किए गए आवासों की संख्या 2.24 लाख (2,24,858) है। ऐसे में कुल 42 लाख लोगों के सर्वे हो गए हैं, जबकि काशी की जनसख्या 40 लाख है।
सीएमओ डॉ. वीबी सिंह का कहना है कि ये आंकड़े अब तक के अभियान के हैं। इसमे शहरी और ग्रामीण इलाकों का जिक्र किया गया है।