कोरोना का कहर : वाराणसी में शहर का कोना-कोना किया जाएगा सैनिटाइज, 120 मशीनें और खरीदी गईं
- जिले में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग के लिए बनता जा रहा चुनौती
- अप्रैल माह में अब तक 5100 मरीज मिलने से हड़कंप, अस्पतालों की संख्या बढ़ाई
विस्तार
वाराणसी में कोरोना वायरस से बचाव और रोकथाम के लिए शहर का कोना - कोना सैनिटाइज किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। ऐसे में 120 मशीनें और खरीदी गई हैं। इनकी मदद से नगर निगम सीमा में शामिल 86 गांवों में भी सैनिटाइजेशन का काम शुरू कर दिया गया है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर एमपी सिंह के अनुसार, हर वार्ड में दो-दो मशीनें दी गई हैं। भीड़-भाड़ वाले में क्षेत्रों व बाजारों को सैनिटाइज किया जा रहा है। गौदोलिया, सिगरा, महमूरगंज, कचहरी, लंका आदि क्षेत्रों को सैनिटाइज कराया गया। प्रशासन द्वारा रात नौ बजे के बाद दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। नाइट कर्फ्यू भी लगाया गया है। शाम को बाजार खाली होने के बाद नगर निगम दवा का छिड़काव कर रहा है। अब रोजाना शहरी क्षेत्र में भी दवा छिड़की जाएगी। ताकि भीड़भाड़ वाले इलाके संक्रमण मुक्त रहे।
राजकीय आयुर्वेद कॉलेज, ईएसआई बनेंगे कोविड हॉस्पिटल
अप्रैल माह में 5100 कोरोना मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जिले में कोरोना संक्रमण पर नियंत्रण स्वास्थ्य विभाग के लिए चुनौती बनता जा रहा है। इससे निपटने को लेकर अस्पतालों की संख्या बढ़ाने, जांच में तेजी लाने का निर्णय लिया गया है।
संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए स्वास्थ्य महकमे ने निजी और सरकारी अस्पतालों को कोविड अस्पताल बनाने की तैयारी कर ली है। इसमें पहले से कोविड हास्पिटल बने बीएचयू, दीनदयाल के बाद अब राजकीय आयुर्वेद कॉलेज, ईएसआई, हेरिटेज मेडिकल कॉलेज को कोविड हॉस्पिटल बनाया जाएगा। इसके अलावा बीएलडब्ल्यू हॉस्पिटल, सीएचसी शिवपुर के साथ निजी अस्पतालों का भी चयन किया गया है।
पांच अप्रैल को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया था। कोविड हॉस्पिटल में सुविधाओं की समीक्षा की गई। दो दिन के भीतर अस्पतालों में सभी तैयारी पूरी करने को कहा गया है।
अस्पतालों में बेड की व्यवस्था
- बीएचयू सुपरस्पेशियलिटी ब्लॉक-319
- दीनदयाल अस्पताल-203
- राजकीय आयुर्वेद कालेज-160
- ईएसआई हास्पिटल-80
- बीएलडब्ल्यू हॉस्पिटल-85
- हेरिटेज मेडिकल कालेज-220
- सीएचसी शिवपुर-28.