Corona in Varanasi: पांच महीने बाद एक दिन में मिले 34 कोरोना मरीज, एक्टिव केस का आंकड़ा भी 100 के पार
वाराणसी में कोरोना का संक्रमण एक बार फिर से बढ़ने लगा है। पिछले सात दिनों में जिले में कोरोना के 130 नये मरीज मिल चुके हैं।
विस्तार
वाराणसी जिले में कोरोना के संक्रमित मरीजों की संख्या में अब तेजी से बढ़ोत्तरी होने लगी है। एक दिन में 20 से कम मरीजों के मिलने के बाद मंगलवार को लगभग सवा पांच महीने बाद एक दिन में सबसे अधिक 34 मरीज मिले हैं। इसमें एक मरीज को अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है।
इससे पहले 19 फरवरी को एक दिन में 37 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी। इधर नए मरीजों की संख्या बढ़ने के बाद एक्टिव केस भी बढ़कर 111 तक पहुंच गया है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग को मिली 3599 सैंपल की रिपोर्ट में 34 मरीजों के मिलने के बाद संक्रमण दर 0.94 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
अस्पताल में चार मरीज भर्ती
सुश्रुत हॉस्टल बीएचयू, बीएलडब्ल्यू, सुंदरपुर, रमाकांत नगर कालोनी, गायत्री नगर क\लोनी, अवलेशपुर, सुसुवाही, बड़ागांव, जगतपुर आदि जगहों पर रहने वालों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। दीनदयाल अस्पताल के कोविड वार्ड में एक मरीज को भर्ती कराया गया है, जिसके बाद कुल भर्ती मरीजाें की संख्या 4 हो गई है। मंगलवार को होम आईसोलेशन में रहने वाले 16 लोगों को स्वस्थ घोषित किया गया।
कोरोना की एक दिसंबर से चल रही तीसरी लहर में पिछले सात महीने में 14448 मरीज मिल चुके हैं। शुरूआत में मार्च तक हर दिन 5 से 10 मरीज मिल रहे थे, लेकिन इसके बाद मरीजों की संख्या बहुत कम हो गई थी, इस वजह से एक्टिव केस भी एक तक पहुंच गया था। मई के दूसरे सप्ताह से फिर मरीजों का मिलना शुरू हो गया है।
अब स्थिति यह है कि हर दिन 15 से 20 मरीज मिलने लगे हैं। इस वजह से एक्टिव केस फिर से 80 के पार पहुंच गया है। जिस तरह से संक्रमण बढ़ने लगा है, उसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी लोगों से समय पर टीकाकरण कराने के साथ ही सतर्कता बरतने की अपील की जा रही है। अस्पताल में जिन मरीजों का इलाज चल रहा है, उनको सांस लेने में तकलीफ के साथ ही बुखार भी है।